Fish Theft : ताप्ती नदी के उद्गम सरोवर में मछली पकड़ने अवैध रुप से लगाया जाल, फंसा कछुआ
नपा कर्मचारियों ने जाल निकालने के बाद जलाया, कड़ी निगरानी की जरूरत
Tapti Sarovar News : बैतूल। मध्यप्रदेश के मुलताई में सूर्य पुत्री मां ताप्ती के उद्गम सरोवर में मछलियों की चोरी करने के लिए अवैध रूप से जाल लगाए जा रहे हैं। रविवार को ताप्ती सरोवर में मंदिर के कर्मचारी को जाल नजर आया। उसके द्वारा सूचना देने पर नगर पालिका का अमला मौके पर पहुंचा और सरोवर में से जाल को निकाला गया। जाल में बड़ी-बड़ी मछलियों के साथ कछुआ भी फंसा हुआ था। जाल में से जीवित मछलियों को बाहर निकाला गया और सरोवर मेें छोड़ने के बाद जाल को आग में जला दिया गया।
ताप्ती सरोवर में असामाजिक तत्वों द्वारा रात में जाल डालकर सुबह निकालकर उसमें फंसी मछलियों को निकालकर बेच दिया जाता है। नगर पालिका द्वारा ठोस निगरानी नहीं की जा रही है वहीं जाल डालने वालों को पकडऩे के बावजूद पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज नही किया जाता है। इससे मछली चोर जाल डालने से परहेज नहीं करते हैं।
छोटे तालाब में भी जाल डालकर मछलियां चोरी की जा रही हैं। ताप्ती सरोवर में दूर दूर से लोग आकर मछलियों को भोजन कराते हैं तथा घंटों सरोवर पर शाम में मछलियों को भोजन देने वालों की भीड़ लगी रहती है। इसके बावजूद मछली चोरी पर अंकुश नही लग पा रहा है।