ब्रह्माकुमारी आश्रम में अंतरराष्ट्रीय मोटिवेशनल स्पीकर ईवी गिरीश ने बताए सफल जीवन के सूत्र..

बैतूल। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय बैतूल द्वारा भाग्य विधाता भवन में पत्रकार सम्मान समारोह एवं विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रिंट मीडिया, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के सैकड़ों पत्रकारों ने भागीदारी की। कार्यक्रम का आयोजन भाग्य विधाता भवन की संचालिका ब्रह्माकुमारी मंजू बहन जी के नेतृत्व में हुआ।

मुख्य वक्ता के रूप में मुंबई से इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर ईवी गिरीश ने पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने अपने जीवन अनुभवों तथा ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक सफर को साझा करते हुए बताया कि संतुलित जीवनशैली, अनुशासित दिनचर्या और आध्यात्मिक वातावरण व्यक्ति को खुशहाल और सफल बनाते हैं। उन्होंने देश के अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में दिए गए अपने व्याख्यानों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अब तक वे एक हजार से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में व्याख्यान दे चुके हैं और अनेक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किए जा चुके हैं।

कार्यक्रम में पत्रकार बंधुओं का सम्मान कर उन्हें उपहार भेंट किए गए तथा ब्रह्मा भोग प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। बैतूल में पत्रकारिता के क्षेत्र में पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले मयंक भार्गव का विशेष स्वागत एवं सम्मान कर उन्हें बधाई दी गई। कार्यक्रम में जिले के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सारणी क्षेत्र में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रम की घोषणा भी की गई। यह कार्यक्रम 27 फरवरी से 1 मार्च तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें आध्यात्मिक सत्य की पहचान, खुशनुमा जीवन शैली की कला और संबंधों में मधुरता जैसे विषयों पर प्रोफेसर ईवी गिरीश मार्गदर्शन देंगे। सभी पत्रकारों को आमंत्रण पत्र प्रदान किए गए और अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की गई।
कार्यक्रम में मयंक भार्गव, युवराज सिंह गौर, शैलेंद्र सिंह ठाकुर, नरेश मांडेकर, सुनील उदासी, संजय द्विवेदी, इरफान अहमद, संदीप सोलंकी, उमाकांत शर्मा, नितिन अग्रवाल, मोहन प्रजापति, संतोष प्रजापति, शशांक सोनकपुरिया सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।




