गौ माता को राज्य माता का दर्जा देने की मांग।
शिवसेना जिला अध्यक्ष विजेंद्र गोले ने सरकार पर साधा निशाना।

बैतूल। गो सम्मान दिवस के अवसर पर शिवसेना जिला अध्यक्ष विजेंद्र गोले ने प्रदेश सरकार पर तीखा बयान जारी करते हुए कहा कि लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद गौ माता को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई देता है, जहां एक ओर गौ संरक्षण की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर ठोस निर्णयों का अभाव बना हुआ है।
विजेंद्र गोले ने अपने बयान में कहा कि पिछले दो दशकों से मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, लेकिन अभी तक गौ माता को राज्य माता का दर्जा नहीं दिया गया है। उन्होंने इसे सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़ा करने वाला मुद्दा बताया और कहा कि यदि वास्तव में गौ संरक्षण के प्रति गंभीरता होती तो यह निर्णय पहले ही लिया जा चुका होता।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक तरफ गौ माता के सम्मान और संरक्षण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर स्थिति अलग नजर आती है। गोले ने कहा कि घोषणाओं और अभियानों से गौ माता का सम्मान सुनिश्चित नहीं किया जा सकता, इसके लिए ठोस और प्रभावी नीतियों की आवश्यकता है।
– बीफ निर्यात को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना
गोले ने अपने बयान में केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले भारत बीफ निर्यात में नौवें स्थान पर था, लेकिन वर्तमान में यह स्थिति बदलकर शीर्ष स्थानों में पहुंच गई है। उन्होंने इसे चिंताजनक बताते हुए कहा कि यह स्थिति गौ संरक्षण की भावना के विपरीत है और इस पर सरकार को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
– सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग
शिवसेना जिला अध्यक्ष ने अंत में सरकार से मांग की कि गौ माता को राज्य माता का दर्जा दिया जाए और गौ संरक्षण के लिए प्रभावी नीतियां लागू की जाएं। उन्होंने कहा कि बयानबाजी से नहीं, ठोस निर्णयों और सख्त कार्रवाई से ही गौ माता का सम्मान सुनिश्चित किया जा सकता है।




