Doctors Strike: मध्यप्रदेश में डाक्टरों ने खत्म की हड़ताल, गुरुवार से काम पर वापस लौटेंगे

Doctor Strike news : बैतूल। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार सुबह से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने वाले डाक्टर गुरुवार से काम पर लौट जाएंगे। जबलपुर उच्च न्यायालय ने बुधवार को डाक्टरों की हड़ताल को अवैध बताते हुए तत्काल काम पर वापस लौटने का आदेश दिया है। इसी के बाद डाक्टरों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है। मध्य प्रदेश शासकीय स्वशासी चिकित्सक महासंघ के मुख्य संयोजक डा. राकेश मालवीय ने मीडिया से कहा है कि न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए हड़ताल वापस ले ली है।
बुधवार को हड़ताल के पहले ही दिन स्वास्थ्य सेवा बेपटरी हो गई। बैतूल में जिला अस्पताल में मरीज उपचार करवाने आए, लेकिन कई मरीजों को डॉक्टर नहीं मिलने से बिना उपचार कराए वापस लौटना पड़ा। ओपीडी में जहां मरीजों की लंबी कतार लगी रहती थी आज हड़ताल के कारण ओपीडी में भी सन्नाटा देखने को मिला।
पर्ची काउंटर से पर्ची बनाने के बाद मरीज डॉक्टरों को ढूंढते हुए इधर-उधर परेशान होते रहे। नियमित डॉक्टरों की हड़ताल के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था संभालने आयुष डॉक्टरों को नियुक्त किया गया है। आयुष डॉक्टर केवल इमरजेंसी मरीजों को ही देख पा रहे थे।
हड़ताल के कारण ओपीडी सेवा सबसे ज्यादा प्रभावित रही। ओपीडी में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मरीज उपचार करवाने आते है, लेकिन बुधवार को डॉक्टर नहीं होने से मरीज परेशान होते रहे।
कई लोग बिना उपचार किए खाली हाथ लौट गए। कुछ लोगों को निजी चिकित्सकों के पास जाने को मजबूर होना पड़ा।