राजू सोनकपुरिया बने एल्डरमैन, सेन समाज ने किया सम्मान।
समाज के सहयोग और विकास का दिया भरोसा। नियुक्ति पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का जताया आभार।

बैतूल। नगर पालिका बैतूल में सरकार द्वारा 6 एल्डरमैन की नियुक्ति किए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इन्हीं नियुक्तियों में राजू सोनकपुरिया को एल्डरमैन बनाए जाने पर सेन समाज में खुशी की लहर देखी गई। समाज के लोगों ने उनका शाल-श्रीफल से सम्मान कर मिष्ठान खिलाते हुए अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में सेन समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष शिवनंदन श्रीवास ने राजू सोनकपुरिया को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अपने उद्बोधन में विश्वास जताया कि राजू सोनकपुरिया अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे तथा समाज के हर वर्ग के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज को उनसे विकास और सहयोग की बड़ी अपेक्षाएं हैं, जिन पर वे निश्चित रूप से खरे उतरेंगे।
इस अवसर पर समाज की ओर से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समाजजनों ने कहा कि उनके प्रयासों से ही समाज को प्रतिनिधित्व का अवसर मिला है, जिससे क्षेत्र के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
नवनियुक्त एल्डरमैन राजू सोनकपुरिया ने भी समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और नगर के विकास के साथ-साथ समाज के हितों को प्राथमिकता देंगे।
कार्यक्रम में शिवनंदन श्रीवास, सुनील सोनकपुरिया, चिंटु मदारपुरे, संजय श्रीवास, ललित रायपुरे, शशांक सोनकपुरिया, महावीर सोनकपुरिया, हरि सोनकपुरिया, अमन सोनकपुरिया, आदर्श सोनकपुरिया सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।




