श्री विनायकम स्कूल में निशुल्क समर कैंप की शुरुआत, पहले दिन बच्चों में दिखा जबरदस्त उत्साह।
राइफल शूटिंग से योग तक, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा।


बैतूल। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान विनायकम स्कूल में निशुल्क समर कैंप का भव्य शुभारंभ हुआ। 24 वर्षों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पहचान बना चुके स्कूल में कैंप के पहले दिन विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन के साथ ही बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरे परिसर में ऊर्जा और उत्साह का माहौल बना रहा।
कैंप के पहले दिन राइफल शूटिंग, तीरंदाजी, डांस, जुम्बा और म्यूज़िक सत्र मुख्य आकर्षण रहे। ओपन माइक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कविता, भाषण और गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पर्सनैलिटी डेवलपमेंट सत्र में बच्चों को आत्मविश्वास बढ़ाने और संवाद कौशल सुधारने के टिप्स दिए गए, वहीं योग सत्र में शारीरिक और मानसिक संतुलन का महत्व बताया गया।

खेल गतिविधियों में सॉफ्ट बॉल, क्रिकेट, फुटबॉल, खो-खो और कबड्डी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इन गतिविधियों से टीमवर्क और खेल भावना को बढ़ावा मिला। विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का बेहतर अवसर बताया।
विद्यालय प्रबंधन ने कैंप के दौरान बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा है। डायरेक्टर संजय राठौर ने कहा कि समर कैंप बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ हर गतिविधि में भाग लेकर रोज कुछ नया सीखने की अपील की। आने वाले दिनों में और भी रोचक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।





