Crime News: बैतूल में आदिवासी युवक की बेरहमी से पिटाई, बजरंग दल के सह संयोजक सहित चार पर एफआईआर दर्ज

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मारपीट का वीडियो, कांग्रेस ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया

Crime News Betul: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आदिवासी समाज के युवक की बेरहमी से पिटाई करने वाले बजरंग दल के पदाधिकारी और अन्य के खिलाफ रविवार देर रात में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। युवक की पिटाई का वीडियो रविवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कांग्रेस बेहद आक्रामक हो गई।

पूर्व सीएम कमल नाथ, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ट्वीट किया तो हड़कंप मच गया और पुलिस हरकत में आई। बैतूल एसपी  सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित का पता लगाया गया । उसे  कोतवाली थाना लाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसके साथ मारपीट की गई है वह राजू ऊइके है और बैतूल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। पार्ट टाइम जाब करते हुए वह डीजे पर काम करता है।

राजू ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात में वह घर जा रहा था तब सुभाष स्कूल के पास से उसे बजरंग दल के चंचल राजपूत और उसके साथियों ने धमकाया और उसे लल्ली चौक पर लाकर बेरहमी से हाथ–मुक्कों से पीटा। उसे मुर्गा बनाया गया और जाति सूचक अपशब्दों का प्रयोग कर मारपीट करते रहे। मैं हाथ जोड़कर माफी मांगते रहा लेकिन वह लगातार पीटते रहा। मेरे मुंह से खून तक निकल आया था।

पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपित चंचल राजपूत और तीन अन्य के खिलाफ धारा 365, 323, 294 , 506 और एट्रोसिटी एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक चौधरी ने बताया कि आरोपी चंचल के बजरंग दल का पदाधिकारी होने की बात सामने आई है जिसकी तस्दीक कराई जा रही है। मारपीट के पीछे यह कारण सामने आया है कि पीड़ित जिस डीजे संचालक के पास काम करता है उसका चंचल राजपूत से पूर्व में विवाद हुआ था और मारपीट भी हुई थी पीड़ित उसके पास काम करता है इसी वजह से उसे पीटा गया।आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

कांग्रेस ने  सरकार को आड़े हाथों लिया:

मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर हमला बोल दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पोस्ट कर लिखा है कि एक ओर नरेन्द्र मोदी जी का भाषण जिसमें आदिवासियों के उत्थान/सम्मान का झूठ बोला जा रहा था। दूसरी तरफ बैतूल में आदिवासी भाई राज उईके पर अत्याचार करते बजरंग दल समर्थक। डा मोहन यादव जी प्रधानमंत्री जी तो चले गए! लेकिन, अब आप अपनी आंखों से बीजेपी के आदिवासी सम्मान का सच देखिए। जुल्म इतना भी मत कीजिए कि न्याय से विश्वास ही उठ जाए। तत्काल जांच करवाइए, कार्रवाई कीजिए।
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि बैतूल में आदिवासी युवक की पिटाई का वीडियो सामने आया है। पीटने वाला व्यक्ति सत्ताधारी पक्ष की विचारधारा का बताया जा रहा है।
मध्य प्रदेश पहले ही आदिवासी अत्याचार में देश में नंबर वन है। इस तरह की घटनाएँ बताती हैं कि भाजपा सरकार की मानसिकता आदिवासी विरोधी है। मैं मुख्यमंत्री जी से मांग करता हूँ कि तत्काल सख़्त कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button