Betul News : खेल-खेल में बच्चों ने खा लिए रतनजोत के बीज, तीन बच्चाें की हालत गंभीर

Betul News : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में खेल-खेल में बच्चों ने रतनजोत के बीज खा लिए । तीन बच्चाें की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम फोफल्या में रविवार को दोपहर में खेलते समय रतनजोत के बीज खा लेने से तीन बच्चों की हालत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त प्रारंभ हो जाने पर परिजन उन्हें लेकर चिचोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम फोफल्या निवासी कृष्णा काजले उम्र 10 वर्ष, दिनेश काजले उम्र 10 वर्ष और ललित काजले उम्र पांच वर्ष रविवार दोपहर में गांव के पास ही खेल रहे थे। तीनों बच्चों ने गलती से रतनजोत के बीज का सेवन कर लिया। कुछ समय बाद तीनों ही बच्चों को उल्टी और दस्त होने लगे।

अचानक बच्चों की हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों ने बच्चों से पूछताछ की तब उन्होंने बताया कि रतनजोत के बीज खाए हैं। स्वजन सभी बच्चों को गंभीर हालत में चिचोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों बच्चों की हालत में सुधार न आने के कारण उन्हें 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button