Crime News : भाई का अपहरण कर मौत के घाट उतारने वाली सौतेली बहन और उसका प्रेमी गिरफ्तार
घोड़ाडोंगरी से अगवा कर हत्या करने के बाद नर्मदा नदी में फेंका था शव

Crime News : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में छह फरवरी को अस्पताल में पदस्थ वाहन चालक दीपक बामने के साथ मारपीट कर कार से अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी। शव को नर्मदापुरम जिले में नर्मदा नदी में फेंक दिया था।
पुलिस ने जब मृतक के पिता अनिल बामने को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो संपत्ति विवाद में अपहरण कर हत्या करने का खुलासा हुआ। हत्या करने में पिता के साथ सौतेली बहन और उसका प्रेमी शामिल था। घटना के बाद से दाेनों फरार चल रहे थे उन्हें रानीपुर पुलिस ने शुक्रवार को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है।
सारनी के एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि छह फरवरी की रात को घोड़ाडोंगरी हास्पिटल में ड्राइवर का काम करने वाले दीपक बामने का अपहरण कर उसकी हत्या कर शव नर्मदा नदी में फेंक दिया गया था। संपत्ति विवाद में उसके पिता अनिल बामने, सौतेली बहन आरती बामने एवं आरती के प्रेमी नवनीत सराठे ने दीपक की हत्या की थी।
इस मामले में आरोपी पिता अनिल बामने को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया गया है। वही उसकी सौतेली बहन आरती बामने और आरती का प्रेमी नवनीत सराठे फरार चल रहे थे। दोनों के उज्जैन में रहने की सूचना मिली जिस पर नवनीत को उज्जैन से गिरफ्तार किया गया। वहीं आरती वहां से भाग कर भोपाल आ गई थी। आरती को भोपाल से गिरफ्तार किया गया। दोनों को घोड़ाडोंगरी अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश किया गया है।




