Husband Beating : पति ने पत्नी को पीटा तो पत्नी के परिजनों ने पति की कर दी धुनाई

Husband Beating : बैतूल। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में पति ने पत्नी को पीट दिया। इस बात की जानकारी पत्नी के परिजनों को लगने पर उन्होंने पति की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई में घायल पति-पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना आमढाना की है। दोनों ने कुछ दिन पहले ही लव मैरिज की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील इवने उम्र 28 वर्ष निवासी आमढाना तहसील घोड़ाडोंगरी ने 15 से 20 दिन पहले सावित्री से लव मैरिज की थी। इसके बाद मंगलवार दोनों पति-पत्नी में विवाद हो गया और विवाद में पति ने अपनी पत्नी के साथ लकड़ी से मारपीट कर दी। मारपीट में पत्नी सावित्री इवने गंभीर रूप से घायल हो गई थी जिसके बाद पति खुद ही अपनी पत्नी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा और उसे डॉक्टर द्वारा ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था।
जब सावित्री के परिजन गुरुवार जिला अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने युवक सुनील इवने के साथ ट्रामा सेंटर के सामने विवाद शुरू कर दिया और विवाद के बाद उसके साला विशाल और उसकी सास रामकली ने सुनील के साथ पत्थर से मारपीट कर दी जिसमें सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सर और हाथ में गंभीर चोट आई है। फिलहाल दोनों ही घायल पति-पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर डॉक्टर द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है।




