Action : आठनेर नगर परिषद के तीन पार्षदों को कांग्रेस ने पार्टी से बाहर किया
बैतूल। जिले की आठनेर नगर परिषद के तीन कांग्रेस पार्षदों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इनमें रीता प्रदीप झोड़, रंजीता परेश मगरदे और प्रियंका सुनील राठौर शामिल हैं। तीनों पर आठनेर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में क्रास वोटिंग करने का आरोप लगाया गया था।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने पार्षदों को भेजे गए निष्कासन पत्र में कहा है कि नगर परिषद आठनेर के अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी के अध्यक्ष पद के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ आपके द्वारा क्रास वोटिंग की गई थी। उक्त संबंध में आपसे स्पष्टीकरण चाहा गया था। जो प्रदेश कांग्रेस कमेटी को समय पर प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए आपको कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छः साल के लिए निष्कासित किया जाता है। दरअसल 15 पार्षदों वाली आठनेर नगर परिषद के चुनाव में भाजपा के 9, कांग्रेस के 5 और एक निर्दलीय पार्षद जीते थे। कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए सारिका माथनकर को मैदान में उतारा था और भाजपा ने सुषमा जगताप को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया था।
यह भी पढ़ें: Ladli Bahna:लाड़ली बहना योजना में घर में दो बहुएं हैं तो उन्हें भी प्रतिमाह मिलेंगे 1–1 हजार रूपये
मतदान के बाद भाजपा उम्मीदवार सुषमा को 13 वोट मिल गए जबकि भाजपा के पास मात्र 9 पार्षद थे। कांग्रेस की सारिका माथनकर को मात्र 2 वोट ही मिल पाए थे। उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा के विनय जीतपुरे को 13 वोट मिल गए थे और कांग्रेस की प्रियंका राठौर 2 ही वोट हासिल कर पाईं थी। क्रास वोटिंग को लेकर चुनाव के प्रभारी द्वारा शिकायत की गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पार्टी ने आखिर पहले नोटिस थमाया और अब तीनों पार्षदों काे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
आईटी सेल के जिलाध्यक्ष पर भी गिरी गाज:
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग ने बैतूल जिलाध्यक्ष भूषण कांति को अनुशासनहीनता के आरोप में हटा दिया गया है। उनके स्थान पर अन्य किसी की नियुक्ति नहीं की गई है। सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभय तिवारी ने भूषण कांति को पद से हटाने का आदेश जारी किया है। कांति पर आरोप लगते रहे है की वे जिले में कांग्रेस के मुख्य संगठन के अलावा अन्य अनुशांगिक संगठनों, विधायको को छोड़कर सिर्फ पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे का ही प्रचार प्रसार करते रहे हैं।