Election News: बैतूल जिले के 1581 मतदान केंद्रों पर सुबह नौ बजे तक 11.24 प्रतिशत हुआ मतदान

Betul News: बैतूल। बैतूल जिले की पांच विधानसभा सीटों पर शुक्रवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार लगने लगी थीं। मतदाताओं में मतदान करने के लिए बेहद उत्साह नजर आ रहा है। सुबह नौ बजे तक 7.26 प्रतिशत मतदान हुआ है। बैतूल विधानसभा क्षेत्र में 11.40 प्रतिशत, आमला में 12.80 प्रतिशत, मुलताई में 14 प्रतिशत , घोड़ा डोंगरी में 5.58 प्रतिशत और भैंसदेही में 13 प्रतिशत वोट डाले गए हैं।

बैतूल के उप जिला निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद ने बताया कि बैतूल जिले के 1581 मतदान केंद्रों पर जिले के 12 लाख 23 हजार 483 मतदाता अपने अधिकारों का उपयोग करेंगे।

इस बार अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 103 पिंक बूथ बनाए गए हैं। इनमें सिर्फ महिला अधिकारी एवं महिला कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में 287 क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर माइक्रो आब्जर्वर लगातार निगरानी रख रहे हैं।

नव युवा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पांच युवा मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 80 वर्ष से अधिक उम्र एवं दिव्यांग मतदाता के लिए भी एक-एक बूथ प्रत्येक विधानसभा में बनाए गए हैं।
आदर्श मतदान केंद्र पर बुजुर्ग मतदाताओं का पुष्प गुच्छ देकर किया स्वागत:
बैतूल के महारानी लक्ष्मी बाई कन्या स्कूल को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां पर सुबह से मतदाताओं की कतार लगने लगी थी। बुजुर्ग मतदाताओं का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया।




