second runner up title: बैतूल के अंबर वैद्य ने यूसीमास नेशनल प्रतियोगिता में जीता सेकेंड रनरअप का खिताब

बैतूल। बैतूल के होनहार छात्र अंबर वैद्य ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे बैतूल जिले के साथ-साथ अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया है। हाल ही में हैदराबाद में आयोजित यूसीमास की 24वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंबर ने पूरे भारत में सेकेंड रनरअप प्राप्त कर परचम लहराया।

अंबर वैद्य बैतूल जिला अस्पताल में पदस्थ अखिलेश वैद्य के सुपुत्र हैं। अंबर की यह सफलता अचानक नहीं आई, बल्कि जनवरी से अगस्त तक उनकी निरंतर मेहनत, लगन और गणितीय कौशल ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। जनवरी 2025 में आयोजित जिला स्तरीय यूसीमास प्रतियोगिता में अंबर ने चैम्पियन ऑफ चैम्पियन्स का खिताब हासिल किया। इसके बाद अप्रैल 2025 में इंदौर में आयोजित राज्य स्तरीय यूसीमास प्रतियोगिता में अंबर ने पूरे मध्यप्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया था।

लगातार तीन बड़ी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अंबर वैद्य ने यह सिद्ध कर दिया कि लगन और समर्पण से कोई भी ऊँचाई हासिल की जा सकती है। हैदराबाद में 17 अगस्त को आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर के 291 प्रतिभागियों में से चयनित 30 बच्चों को ही फाइनल राउंड में भाग लेने का अवसर मिला था, जिनमें अंबर ने अपने गजब के गणनात्मक कौशल के दम पर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

हैदराबाद के एग्जिबिशन ग्राउंड में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माता-पिता, शिक्षकगण और यूसीमास से जुड़े प्रशिक्षकों की उपस्थिति भी रही, जिन्होंने विद्यार्थियों को लगातार प्रोत्साहित किया। शैक्षणिक दृष्टि से यह सफलता बैतूल के लिए गौरव का विषय है। अंबर की इस उपलब्धि से जिले के अन्य छात्र भी प्रेरणा लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन बेहद भव्य और राष्ट्रीय स्तर की गरिमा के अनुरूप रहा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए 3500 से अधिक बच्चों ने भाग लिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button