Blind Murder : वेकोलि के गार्ड ने पार्टी और हुडदंग करने से मना किया तो पीटा और पानी में डुबाकर की हत्या
थाना सारणी के अंधे कत्ल का 24 घंटे में पर्दाफाश, चार हत्यारे गिरफ्तार

Blind Murder News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में वेस्टर्न कोल फील्ड लिमिटेड पाथाखेड़ा में सुरक्षा गार्ड की चार बदमाशों ने बेरहमी से पिटाई की और नाले के पानी में डुबाकर मौत के घाट उतार डाला। पुलिस ने 24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में जानकारी दी गई है कि 03.01.2024 को सुबह सूचना प्राप्त हुई कि चंदन पिता दीपक मोदी निवासी म.न.364 हास्पिटल के पीछे शिव मंदिर पाथाखेड़ा का सतपुड़ा तौल कांटे पर सुरक्षा प्रहरी है जो तौल कांटे पर रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ड्यूटी गया था।
सुबह 6.30 बजे तक घर वापस नही आया तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस एवं परिजन मौके पर पहुँचे, मौके पर आस पास तलाश की तो सुरक्षा कर्मी चंदन मोदी का शव सतपुड़ा तौल कांटे से करीबन 150 मीटर दूर नाले पर मिला। मौके पर झगड़े व घसीटने के निशान एवं परिस्थिति को देखते हुये मामला हत्या का होना प्रतीत पाये जाने पर मौके पर वरिष्ट अधिकारियों को सूचना कर एफएसएल पार्टी को तलब किया गया। घटना स्थल का मुआयना कर मौके पर साक्ष्यों के आधार पर एवं घटना स्थल पर उपस्थित पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय कमला जोशी व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सारणी रोशन जैन के मार्ग दर्शन में थाना सारणी, चौकी पाथाखेड़ा, थाना चोपना के अधिकारी एवं कर्मचारी की टीम गठित की गई।
हत्या के अज्ञात आरोपी की पतारसी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य व तकनीकि साक्ष्य के आधार पर यह जानकारी प्राप्त हुई कि घटना स्थल पर कोयले से भरे खड़े ट्रक के ड्रायवरों व क्लिनरो द्वारा दिनांक 2.01.2024 को दोपहर से पार्टी की जा रही थी। जिनके द्वारा घटना घटित करने की सम्भावना होने से ड्रायवरो व क्लीनरों से पूछताछ की गई। जो ड्रायवर क्लीनर सुरेश बामनकर, शुभम बामनकर, रितिक इवने और रवि धुर्वे रात से ही घर पर व उनके ट्रको पर मौजुद नही है। जिन पर पूर्ण संदेह होने पर गठित टीम द्वारा दिनांक 4.01.2024 को जगह जगह दबिश दी जाकर सुरेश बामनकर, शुभम बामनकर, रितिक इवने और रवि धुर्वे को शोभापुर खदान के जंगल में से मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ करने पर इनके द्वारा बताया गया कि दिनांक 02.01.2024 को दोपहर से हम व हमारे साथी ड्रायवर व क्लीनर सतपुड़ा तौल कांटे के पीछे पार्टी कर रहे थे पार्टी के बाद 9.30 बजे हम लोगो के अलावा हमारे बाकी साथी अपने घर चले गये। तौल कांटे के पास खड़े ट्रक में ड्रायवर सुरेश बामनकर, क्लिनर शुभम बामनकर, क्लिनर रितिक इवने व क्लीनर रवि धुर्वे ट्रक पर मौजूद थे ।इसी दौरान रात्रि लगभग 10.30 बजे मृतक चंदन मोदी (सुरक्षा प्रहरी) तौल कांटे पर अपनी डियुटी पर आया। जिसने इन लोगो को हुड़दंग करने के लिये मना किया व जाने के लिये बोला तो इसी बात पर विवाद हो गया।
इससे नाराज होकर आरोपी सुरेश पिता काशीनाथ बामनकर निवासी हालेज कालोनी शोभापुर, शुभम पिता काशीनाथ बामनकर निवासी हालेज कालोनी शोभापुर, रितिक पिता नंदकिशोर इवने निवासी हालेज कालोनी शोभापुर, रवि धुर्वे पिता तकेसिंह धुर्वे निवासी कतिया कोयलारी ने मिलकर मृतक चंदन मोदी के साथ हाथ मुक्को, लातो से मारपीट कर घसीटते तौल कांटे के पीछे ले गये । वहाँ घातक हथियार से चोट पहुँचाकर जंगल में घसीटते हुये मारपीट करते हुये अध मरा होने पर नाले के पानी में डुबा कर हत्या कर दी और वहाँ से भाग गये। आरोपियो की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त घातक हथियार लोहे की टामी व अन्य समग्री जप्त कर आरोपियो को गिरफ्तार किया गया।
अंधे कत्ल को सुलझाने में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सारणी रोशन जैन के मार्ग दर्शन में थाना प्रभारी अरविंद कुमरे, चौकी प्रभारी दिलीप यादव, थाना चोपना प्रभारी छत्रपाल सिंह धुर्वे व चौकी व थाना सारणी का स्टाफ की महत्वपुर्ण भूमिका रही ।




