दिनदहाड़े 1 घंटे में 10 लाख की चोरी, आमला थाना क्षेत्र में बेखौफ चोर।
बेटे को स्टेशन छोड़ने गया था परिवार, लौटे तो टूटे मिले ताले, नगदी और जेवर लेकर फरार हुए बदमाश। पंजाबी कृष्ण मंदिर में फिर टूटा दानपात्र।

1. बैतूल। आमला की उपनगरी बोड़खी में मंगलवार दोपहर हुई करीब 10 लाख रुपए की चोरी की वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। हैरानी की बात यह रही कि जहां आमतौर पर चोरी की घटनाएं रात के अंधेरे में होती हैं, वहीं इस बार चोरों ने मंगलवार बाजार के दिन व्यस्ततम समय में सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार रिटायर्ड रेलवेकर्मी बी एल सूर्यवंशी मंगलवार दोपहर करीब पौने तीन बजे अपने परिवार के साथ बड़े बेटे को गोंडवाना एक्सप्रेस से छोड़ने रेलवे स्टेशन आमला गए थे। परिवार करीब चार बजकर बीस मिनट पर वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों की आलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
बीएल सूर्यवंशी ने बताया कि चोर सोने-चांदी के जेवर और बड़ी मात्रा में नगदी चोरी कर ले गए। परिवार की ओर से करीब 5 से 6 लाख रुपए नगद सहित कुल लगभग 10 लाख रुपए के मशरूके की चोरी होना बताया गया है। सूचना मिलते ही बोड़खी चौकी प्रभारी नितिन उइके पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन अधिकांश कैमरे बंद मिले, जिससे जांच में परेशानी आ रही है। पुलिस अब संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
दिनदहाड़े और बाजार के सबसे व्यस्त समय में हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि चोरों ने पूरी प्लानिंग और रेकी के बाद घटना को अंजाम दिया, जिससे साफ है कि बदमाशों में पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है।

2. सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बैतूल। शहर के राजेन्द्र वार्ड गंज स्थित प्राचीन श्री कृष्ण पंजाबी मंदिर में चोरों ने दानपात्र तोड़कर नकदी चोरी कर ली। घटना सोमवार सुबह सामने आई, जब मंदिर के पुजारी पंडित धर्मेन्द्र शर्मा पूजा के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि दानपात्र टूटा पड़ा है और उसमें रखी दान राशि गायब है। मामले की शिकायत गंज थाने में दर्ज कराई गई है।
पंडित धर्मेन्द्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि वे पिछले 40 वर्षों से मंदिर में पूजा-पाठ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक साल पहले भी इसी तरह दानपात्र तोड़कर चोरी की घटना हुई थी। उस समय भी पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन अब दोबारा हुई चोरी से मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में नाराजगी है।
श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति के मीडिया प्रभारी राजेश मदान ने बताया कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से भक्तों की आस्था प्रभावित हो रही है। समिति अध्यक्ष दीपक खुराना और दीपक सलूजा ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने पर भी चर्चा चल रही है।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बड़ी राशि दानपात्र में डालने के बजाय ऑनलाइन दान को प्राथमिकता दें।




