खरीफ सीजन से पहले कांग्रेस का बड़ा विरोध प्रदर्शन, चोपना में निलय डागा ने उठाए किसानों के मुद्दे।
खाद, बीज और कृषि ऋण जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भटक रहा वनांचल क्षेत्र का किसान ।

बैतूल। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही बैतूल के वनांचल क्षेत्र में किसानों की परेशानियां खुलकर सामने आ गई हैं। खेतों में बुवाई का समय आ चुका है, लेकिन कई किसान खाद, बीज और कृषि ऋण के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। चोपना क्षेत्र में किसानों की इसी पीड़ा को मुद्दा बनाकर कांग्रेस सड़क पर उतर आई और धरना-प्रदर्शन कर सरकार को घेरा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय विनोद डागा के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सहकारी समिति में पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध नहीं है, जबकि वन अधिकार पट्टाधारी एवं अन्य पात्र किसानों को कृषि ऋण और खाद वितरण में अनावश्यक बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो हजारों किसानों की खरीफ फसल प्रभावित हो सकती है और इसका सीधा असर उनकी आजीविका पर पड़ेगा।
गौरतलब है कि चोपना क्षेत्र में जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर खाद-बीज की कमी, कृषि ऋण वितरण में आ रही परेशानियों तथा वन अधिकार पट्टाधारी किसानों के साथ हो रहे कथित भेदभाव के मुद्दे उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन शुरू होने के बावजूद किसानों को जरूरी कृषि संसाधन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय विनोद डागा के नेतृत्व में सोमवार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के चोपना एवं आसपास के वनांचल क्षेत्रों के किसान खाद, बीज और कृषि ऋण की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। समय पर संसाधन नहीं मिलने से खेती और किसानों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
– वनाधिकार पट्टाधारी किसानों का मुद्दा भी उठाया
ज्ञापन में विशेष रूप से वन अधिकार पट्टाधारी किसानों की समस्याओं का उल्लेख किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वन अधिकार पट्टा प्राप्त किसानों को खाद वितरण और कृषि ऋण उपलब्ध कराने में अनावश्यक बाधाएं खड़ी की जा रही हैं। इससे पात्र किसान सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं और खेती की तैयारी प्रभावित हो रही है।
– खाद-बीज और ऋण संकट से बढ़ी चिंता
कांग्रेस ने कहा कि चोपना सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज नहीं मिल पा रहा है। वहीं पात्र किसानों को कृषि ऋण नहीं मिलने से खेती के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। किसानों को बार-बार सहकारी समिति के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। खरीफ सीजन के दौरान यह स्थिति बनी रही तो फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

– तत्काल राहत की मांग
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि चोपना सहकारी समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए तथा वन अधिकार पट्टाधारी एवं अन्य पात्र किसानों को बिना किसी भेदभाव के कृषि ऋण प्रदान करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। निलय डागा ने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर त्वरित कार्रवाई करने और क्षेत्र के हजारों किसानों को राहत दिलाने की मांग की। धरना प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने में कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा, जनपद पंचायत घोडाडोंगरी अध्यक्ष राहुल उइके, विधानसभा प्रभारी एवं कांग्रेस प्रवक्ता लवलेष बब्बा राठौर, चोपना ब्लाक प्रभारी एवं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह राजपूत, ब्लाक अध्यक्ष निताईकर, भोला कांति, संजय सालवे सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।




