जल संवर्धन, स्वच्छता और आजीविका पर बनी कार्ययोजना, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित।
भीमपुर में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण संपन्न।

बैतूल। भीमपुर में रविवार को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक राजू मांडवे के मार्गदर्शन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नवांकुर संस्था ओम सांई राम समाज कल्याण समिति भीमपुर सेक्टर गुरुवा पिपरिया तथा मनोहर सिंह गौतम मेमोरियल एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी आदर्श धनोरा सेक्टर रतनपुर के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक राजू माड़वे के सहयोग से मेंटर्स लवकेश मोरसे, नवीन गौतम, रोहित पचोरिया, पूजा मोर्ले और विजेश ईरपाचे ने मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य, नवांकुर सखियां तथा बीएसडब्लू और एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान आदर्श गांव बनाने का संकल्प लेते हुए आगे की कार्यप्रणाली पर चर्चा की गई।
प्रशिक्षण में जल गंगा संवर्धन, स्वच्छता अभियान, शिक्षा के क्षेत्र में कार्य योजना तथा आजीविका के साधनों को बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ग्रामीण विकास और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
इस अवसर पर लवकेश मोरसे, नवीन गौतम और रोहित पचोरिया ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की कार्यप्रणाली, प्रस्फुटन योजना, नवांकुर योजना तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने समितियों के आवश्यक दस्तावेज तैयार करने और उन्हें व्यवस्थित रूप से संचालित करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के अंत में नवांकुर संस्था द्वारा प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्यों, नवांकुर सखियों और उपस्थित बीएसडब्लू और एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।




