Betul news: अतिवृष्टि से फसल नुकसानी में तत्काल सर्वे करवाकर मुआवजा दिया जाए: वागद्रे

बैतूल। जिल में अतिवृष्टि के कारण फसल नुकसानी को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने प्रशासन से की मांग की है कि वे तत्काल सर्वे कराए और किसानों को राहत दिलवाएं। उनका कहना है कि इस बार अतिवृष्टि के कारण फसलें पूरी तरह से बर्बाद है। तना मक्खी के कारण अफलन की स्थिति है। उनका कहना है कि किसान अपनी फसल मोड़ रहे हैं। सोयाबीन ही नहीं मक्का की फसल भी किसी काम की नहीं बची है। उन्होंने बताया कि मक्का के भुट्टे में दानों की संख्या बहुत कम है। कहीं-कहीं पर भुट्टे ही छोटे रह गए हैं। उनका कहना है कि 20 सितंबर को जो किसान रैली निकाली जाएगी, उसमें भी इस बात को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि फसल नुकसानी में पटवारी हल्के को इकाई न मानते हुए खेत को इकाई माना जाए और उस आधार पर फसल बीमा क्लेम दिलवाया जाए। उनका कहना है कि जो फसल बीमा की व्यवस्था है उसमें अधिसूचित क्षेत्र का निमय होने से प्रीमियम देने के बाद भी किसानों को मुआवजा नहीं मिलता है। उनका कहना है कि बैतूल जिले के किसानों को मुआवजा दिए जाने के लिए प्रशासन तत्काल सर्वे करवाएं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है जिले के प्रभारी मंत्री से लेकर सांसद जो कि वर्तमान में केंद्रीय मंत्री है और जो पांचों विधायक है वे किसानों की सुध नहीं ले रहे हैं। भाजपा को केवल वोट के लिए किसान याद आते हैं।




