Betul News : जिला अस्पताल में रिश्वत मांगी तो प्रशासनिक अधिकारियों से कर पाएंगे शिकायत
जिला अस्पताल परिसर में कलेक्टर के निर्देश पर लगाए गए सूचना बोर्ड

Betul News : बैतूल। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिवार के लोगाें से रिश्वत की मांग करना अब आसान नही होगा। अब तक मरीज किससे शिकायत करें यह पता नही चल पाता था। अब कलेक्टर ने तीन प्रशासनिक अधिकारियों के नाम और माेबाइल नंबर के फ्लेक्स जिला अस्पताल में जगह-जगह लगवा दिए हैं। इससे मरीज सीधे शिकायत कर पाएंगे और उनका नाम गोपनीय रहेगा। संबंधित पर कार्रवाई भी कलेक्टर के निर्देश पर होने की उम्मीद भी है।
दरअसल जिला अस्पताल में मरीजों को समय पर उपचार न मिल पाने या फिर स्वजन से रिश्वत की मांग करने के संबंध में अब तीन प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे शिकायत की जा सकेगी। मरीजों और उनके स्वजनों से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने इस संबंध में तीन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। इन अधिकारियों के नाम और माेबाइल नंबर जिला अस्पताल के प्रवेश द्वार और अन्य स्थानों पर फ्लेक्स चस्पा कर दिए गए हैं।
इन पर लिखा गया है कि जिला अस्पताल में किसी चिकित्सा कार्य या आपरेशन, 108 एंबुलेंस वाहन हेतु पैसा मांगने,बदतमीजी करने पर सहायक कलेक्टर ऐश्वर्य वर्मा, नायब तहसीलदार रिचा कौरव और जिला खनिज अधिकारी मनीष पालेवार से उनके मोबाइल नंबर पर शिकायत की जा सकती है। इन अधिकारियों के द्वारा संबंधित शिकायत का निराकरण करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। जिला अस्पताल के आरएमओ डा रानू वर्मा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों के नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर के फ्लेक्स जगह-जगह लगाए गए हैं।




