Accident: ट्रैक्टर पलटा, चालक घायल, बाइक दुर्घटना में युवक जख्मी
बैतूल। सोमवार को अलग-अलग जगह हुई सड़क दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना जिला मुख्यालय अंतर्गत आने वाले ग्राम खंडारा एवं घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम जुआड़ी में हुई है। दुर्घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां इनका उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें: Accident: ट्रैक्टर बाइक की भिड़ंत: घायल युवक की मौत
मिली जानकारी के अनुसार खंडारा के पास ट्रैक्टर को पीछे से ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी थी, ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया था। इस घटना में ट्रैक्टर चालक कमलेश परते उम्र 20 वर्ष निवासी मुआड चौकी आमला गंभीर रूप से घायल हो गया था। बताया जा रहा है कि कमलेश सुबह 5 से 6 बजे के आसपास ट्रैक्टर में गन्ना खाली करके अपने घर मुआड वापस आ रहा था, इसी दौरान खंडारा के पास यह घटना हुई।
इसी तरह घोड़ाडोंगरी तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम फुलगवान निवासी गंजू धुर्वे उम्र 45 वर्ष अनियंत्रित होकर बाइक से गिर गया था। मौके पर राहगीरों की मदद से गंजू को घोड़ाडोंगरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भी जिला अस्पताल में रेफर किया गया। यह घटना सोमवार करीब 2 बजे की बताई जा रही है। गंजू फुलगवान से घोड़ाडोंगरी बाल कटवाने के लिए जा रहा था, तभी जुआड़ी के पास बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई थी। दोनों ही मामलों में 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल में रेफर कर दिया था जहां इनका उपचार चल रहा है।