जागरूकता ही कैंसर के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार..
बैतूल बाजार और मंडी में नुक्कड़ नाटक से किया सतर्क।

बैतूल। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से एलेक्सिस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा शनिवार को बैतूल बाजार और बैतूल मंडी क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में आदिम कल्चरल एंड वेलफेयर सोसाइटी का सहयोग रहा।
कार्यक्रम के तहत सोसाइटी के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कैंसर के लक्षण, बचाव और समय पर जांच की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। बाजार और मंडी में मौजूद व्यापारियों, ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में रुककर नाटक देखा और संदेश को गंभीरता से सुना। नाटक के माध्यम से बताया कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान हो जाने पर इसका उपचार संभव है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण कई लोग समय पर जांच नहीं करा पाते। कलाकारों ने तंबाकू सेवन, अस्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच की अनदेखी को कैंसर के प्रमुख कारणों में बताया तथा लोगों से सतर्क रहने की अपील की। इस दौरान लोगों ने कैंसर की रोकथाम, लक्षणों और जांच संबंधी जानकारी प्राप्त की।




