मां ताप्ती के किनारे बनेंगे विकसित धार्मिक स्थल, सामुदायिक भवनों, घाटों के लिए करोड़ों स्वीकृत।
मां ताप्ती जागृति समिति की 30 साल की कोशिश रंग लाई, ताप्ती तटों की बदलेगी तस्वीर । बारहलिंग और ताप्ती घाट खेड़ी को सबसे बड़ी सौगात, महिला-पुरुष घाट के लिए अलग-अलग राशि । भैंसदेही विकासखंड की कई ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवन और घाट निर्माण स्वीकृत । मुख्यमंत्री मोहन यादव से मंजूरी, विधायक महेंद्र सिंह चौहान की रही अहम भूमिका।

बैतूल। पवित्र पुण्य सलीला मां सूर्यपुत्री ताप्ती नदी के तटों के विकास को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। मां सूर्यपुत्री ताप्ती जागृति समिति के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर दयाराम पवार की पहल पर भैसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से विभिन्न घाट निर्माण और संबंधित कार्यों के लिए राशि स्वीकृत करवाई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा 6 फरवरी 2026 को जारी आदेश में भैंसदेही विकासखंड के कई गांवों के लिए अलग-अलग कार्यों हेतु राशि मंजूर की गई है।
– बारहलिंग और ताप्ती घाट खेड़ी को बड़ी सौगात
जारी आदेश के अनुसार बारहलिंग में घाट निर्माण के लिए 20 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं ताप्ती घाट खेड़ी में महिला घाट निर्माण के लिए 20 लाख रुपए और पुरुष घाट निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की अलग-अलग राशि मंजूर हुई है। लंबे समय से श्रद्धालु यहां बेहतर घाट की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होती दिखाई दे रही है।
– कई गांवों में 24 लाख तक के कार्य स्वीकृत
भैंसदेही विकासखंड के अनेक गांवों में सामुदायिक भवन और घाट निर्माण के लिए 24 लाख रुपए तक की राशि स्वीकृत की गई है। कुछ स्थानों पर 20 लाख और कुछ जगहों पर 10 लाख रुपए की भी मंजूरी दी गई है। ग्राम पंचायत आदर्श धनोरा, कामोद के नहरपुर, कुंडबकाजन के काजरी, खैरा, रंभा, रतनपुर, सिंगार चावड़ी, झल्लार, डेडवा कुंड, देडपानी, पोहर और पोहर बासनेर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 24-24 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
– धार्मिक स्थलों और घाटों के लिए भी अलग प्रावधान
ग्राम पंचायत गदाखार में भिलट बाबा के पास और सुखवान धाम के लिए 24-24 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। सुखवान धाम में घाट निर्माण के लिए 20 लाख और सौंदर्यीकरण के लिए भी 20 लाख रुपए मंजूर हुए हैं। ग्राम पंचायत कुटंगा में स्टॉप डेम निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।
ग्राम पंचायत भीमपुर अंतर्गत गुरुवा पिपरिया के सागवानी और चकढाना के चीखल्दा में सामुदायिक भवन के लिए 24-24 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। भीमपुर में हनुमान मंदिर के पास बड़ी पुलिया में घाट निर्माण के लिए 20 लाख रुपए और एक अन्य कार्य के लिए 19 लाख 99 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
– केरपानी और ठेस्का में स्नान घाटों का होगा निर्माण
ग्राम पंचायत केरपानी के ग्राम ठेस्का में पुरुष स्नान घाट के लिए 20 लाख रुपए, महिला स्नान घाट के लिए 20 लाख रुपए और बारह लिंग पर घाट निर्माण के लिए 20 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम पंचायत गोरगांव में भैरव मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 24 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।
– तीन दशक से जारी प्रयासों को मिली सफलता
मां सूर्यपुत्री ताप्ती जागृति समिति के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर दयाराम पवार पिछले लगभग 30 वर्षों से ताप्ती नदी के घाट निर्माण, सौंदर्यीकरण, हाईमास्ट लाइट, सौर ऊर्जा आधारित फाउंटेन और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने समय-समय पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखकर मांग उठाई थी, जिसका परिणाम अब सामने आया है।
– पहले भी बारहलिंग में हो चुके हैं कार्य
रामकिशोर दयाराम पवार की पहल पर पूर्व में भी बारहलिंग में विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत हुई थी। पूर्व विधायक धरमु सिंह सिरसाम द्वारा सामुदायिक भवन के लिए 13 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे। साथ ही जनसहयोग से दो आरती द्वार का निर्माण भी कराया गया था।
– जनप्रतिनिधियों का जताया आभार
इस स्वीकृति पर रामकिशोर दयाराम पवार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और भैसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ताप्ती नदी के घाटों के विकास के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे और अब सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है।
– ताप्ती तट की बदलेगी तस्वीर
बारहलिंग, ताप्ती घाट खेड़ी सहित सूचीबद्ध अन्य गांवों में घाट निर्माण और विकास कार्य पूरे होने के बाद ताप्ती तट की तस्वीर बदल जाएगी। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, धार्मिक आयोजन व्यवस्थित होंगे और क्षेत्र के धार्मिक स्थलों की पहचान मजबूत होगी। वर्षों से उठ रही मांग पूरी होने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।




