Betul news: परिसीमन के फेर में उलझ गई विनोबा नगर की एक गली
जनप्रतिनिधियों के खिलाफ फूटा वार्ड वासियों का आक्रोश, चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी

Betul News: बैतूल। शहर के 33 वार्डों का परिसीमन हुए लंबा वक्त बीत गया है। परिसीमन में शहर के वार्डों के नाम और नंबर में बदलाव हो गया है। लेकिन वार्डों को मिली नई पहचान कई वार्ड वासियों के लिए अभिशाप साबित हो रही है। हाल ही में एक मामला शहर के विनोबा वार्ड से सामने आया है।
परिसीमन के बाद इस वार्ड की एक नंबर गली के वार्ड वासी भाजपा और कांग्रेस के दो पार्षदों के बीच उलझ कर रह गए हैं। समस्याओं का निराकरण नहीं होने के चलते वार्ड के युवाओं ने बैठक कर आगामी चुनाव के बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। वार्ड वासियों का कहना है कि चुनाव के समय नेता झूठे वादे करके चले जाते हैं, इसके बाद दोबारा इस गली में कोई भी मुड़कर नहीं देखता।

वार्डवासी गगन पवार, जगदीश मालवी सहित अन्य लोगों ने बताया कि पहले हमारी गली विनोबा वार्ड में आती थी। रोड की इस तरफ आंगनवाड़ी भवन की ओर का हिस्सा राजेंद्र वार्ड में चला गया है, वहीं जगदीश मालवीय वाली लाइन विनोबा नगर में यथावत है। पिछले लंबे समय से वार्ड में बिजली के तार झूल रहे हैं कई बार इसकी शिकायत नगर पालिका, विद्युत कम्पनी सहित दोनों वार्ड के पार्षदों से की गई, लेकिन किसी ने भी कोई कार्यवाही नहीं की है।
वार्डवासी जगदीश मालवीय द्वारा इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर भी की गई है। उनका कहना है कि जिम्मेदारों ने चुनाव के बाद इस तरफ कभी रुख ही नहीं किया। बिजली का खंबा विनोबा वार्ड में और उसके तार खप्पर वाली माता मंदिर के ऊपर उलझे हुए हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड में खप्पर वाली माता मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य किया जा रहा है, लेकिन विद्युत तार होने के कारण मंदिर के सामने स्थित नीम के पेड़ की कटाई करने में परेशानी हो रही है।
इस परेशानी के कारण लगभग 4 महीने से मंदिर का काम रुका हुआ है। परिसीमन के कारण पार्षद अपने-अपने क्षेत्र का हवाला देते हैं जिसके कारण वार्ड में मूलभूत समस्याएं पैदा हो रही है।




