Rave Party : दवा कंपनी ने दी रेव पार्टी, महाराष्ट्र की शराब और डांसर के साथ मदहोश होकर हो रहा था डांस
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में महाराष्ट्र की सीमा पर पुलिस ने 11 डांसरों समेत 45 लोगों को किया गिरफ्तार

Rave Party : Betul: मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित नेचर प्राइड वाटर पार्क एंड रिसोर्ट गौनापुर में महाराष्ट्र की शराब और 11 डांसरों को लाकर मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के दवा विक्रेताओं को मदहोश कर थिरकने का अवसर फसलों के उपयोग में आने वाली दवा बनाने वाली कंपनी के द्वारा किया गया था। बुधवार की रात में जब पार्टी पूरे शवाब पर थी तब बैतूल जिले की पुलिस संभवत: पड़ोसी जिले के मुखबिर से मिली सूचना पर नेचर प्राइड वाटर पार्क एंड रिसोर्ट में पहुंच गई।

मुखबिर की सूचना पुख्ता थी इस कारण वहां पर डांस करते हुए, शराब परोसते हुए युवतियाें के साथ मदहोश होकर थिरकते दवा विक्रेता पाए गए। पुलिस को देखकर कई तो नेचर प्राइड वाटर पार्क एंड रिसोर्ट में किसी खास उपयोग के लिए बनाए गए काटेजों में जाकर छिप गए तो कुछ अंधेरे में इधर उधर हो गए। पुलिस ने मौके पर बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद करने के साथ ही 11 डांसरों समेत 45 लोगों को हिरासत में ले लिया। मुलताई पुलिस ने सभी के खिलाफ कोलाहल नियंत्रण, अवैध शराब का प्रकरण बना दिया।
क्या पहली बार हुई डांसरों के साथ मदहोश पार्टी:
बैतूल जिले में इतने बड़े नेचर प्राइड वाटर पार्क एंड रिसोर्ट का उपयोग किस काम के लिए किया जा रहा है यह सवाल हर किसी के जेहन में तैर रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या पहली बार ही इस नेचर प्राइड वाटर पार्क एंड रिसोर्ट में शराब के साथ महाराष्ट्र की डांसरों वह भी एक साथ 11 को लाकर डांस कराया जा रहा था। यदि ऐसा नही है तो फिर लोकसभा चुनाव के लिए प्रशासन द्वारा सीमाओं पर की गई निगरानी के बावजूद भी शराब का परिवहन कैसे हो गया। मुलताई थाना क्षेत्र में आने वाले गौनापुर गांव में चल रहे अवैध कृत्य की सूचना पुलिस के पास किसी मुखबिर ने आखिर क्यों नहीं पहुंचाई गई।
क्या आबकारी विभाग सो रहा है
महाराष्ट्र की सीमा पर बैतूल जिले के कई गांवों में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के बाद आबकारी विभाग के द्वारा महुआ शराब बनाने वाले ठिकानों पर कार्रवाई की गई। बड़ी बड़ी फोटो मीडिया में प्रसारित कर खूब वाहवाही भी लूटी गई। आबकारी विभाग के अमले को भी नेचर प्राइड वाटर पार्क एंड रिसोर्ट, गौनापुर में अवैध शराब का विक्रय, ग्राहकों को परोसने की भनक क्याें नहीं लग पाई यह सवाल भी आम जन पूछ रहा है।
ड्राइवर भी थिरक रहे थे क्या:
पुलिस की कार्रवाई पर भी लोग उंगली उठा रहे हैं। मौन संरक्षण में नेचर प्राइड वाटर पार्क एंड रिसोर्ट, गौना पुर में हो रहे अवैध कृत्य पर कार्रवाई आखिर किस वजह से की गई यह तो पुलिस ही जानती है लेकिन लोग इस कार्रवाई में वाहनों के ड्राइवरों को आरोपी बनाए जाने पर सवाल जरूर खड़ा कर रहे हैं।किराए के वाहन में दवा विक्रेताओं को नेचर प्राइड वाटर पार्क एंड रिसोर्ट, गौना पुर पहुंचाने के बाद क्या ड्राइवर भी मदहोश होकर डांसरों के साथ डांस करते पाए गए। यदि नहीं तो फिर उन्हें आरोपी बनाकर क्या कुछ लोगों के साथ दरियादिली दिखाई गई। खैर जो भी हो लेकिन लोगों का कहना है कि महाराष्ट्र के लोगों द्वारा बैतूल जिले की सीमा में किए जा रहे अवैध कृत्य पर सख्ती से लगाम लगाने की जरूरत है।




