Liquor Seized : ट्रक से सिवनी ले जाई जा रही थी 93 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब

पुलिस ने ट्रक समेत 93 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब जब्त की

Cerime News : बैतूल। पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ने ससुंद्रा बेरियर के पास ट्रक में भरी 93 लाख रुपये से अधिक कीमत की अंग्रेजी शराब जब्त की है।सिवनी जिले के बरघाट निवासी ट्रक चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया है। आरंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि ट्रक में सनावत बड़वाह से सिवनी शराब भरकर ले जाई जा रही थी। शराब परिवहन के लिए जो टीपी थी उसकी समयावधि खत्म हो गई थी। फिलहाल पुलिस के द्वारा सूक्ष्मता से जांच की जा रही है जिससे सारी हकीकत सामने आ जाएगी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विधान सभा चुनाव को ध्यान मे रखते हुए सभी मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। इसी दौरान थाना साईखेडा की पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त चैकिंग के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 47 पर ससुन्द्रा चेक पोस्ट आरटीओ नाका के पास शराब से भरे ट्रक क्रमांक एमपी 28 एच 1169 को रोककर जांच की गई तो उसके भीतर 1221 पेटी अंग्रेजी शराब भरी हुई पाई गई। प्रत्येक पेटी में 48 क्वाटर 180 एमएल के थे। कुल 58608 क्वाटर में 10549.44 लीटर शराब भरी हुई है।

इस शराब का मूल्य 93 लाख 77 हजार 280 रुपये है। ट्रक के चालक प्रिंस बोपचे पिता गजेंद्र कुमार बोपचे उम्र 20 साल निवासी पिंडरई खुर्द थाना बरघाट जिला सिवनी एवं क्लीनर रूद्रकांत पिता कमलेश प्रसाद राहांगडाले उम्र 19 वर्ष निवासी गोंडेगांव, थाना बरघाट,जिला सिवनी को गिरफ्तार कर उनसे शराब के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जप्त शुदा ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। पुलिस ने ट्रक और शराब को जब्त कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।चुनाव के दौरान इतनी अधिक मात्रा में शराब के पकड़े जाने से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button