Big Action : सड़क निर्माण के लिए मिट्टी का अवैध उत्खनन करते दो बुलडोजर, आठ ट्रैैक्टर जब्त
चिचोली क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्राली जप्त की, खनन माफिया में मचा हड़कंप

Big Action : बैतूल। जिले के चोपना थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम हीरापुर में सड़क निर्माण के लिए मिट्टी का अवैध रूप से बड़े पैमाने पर उत्खनन किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने मौके पर पहुंचकर दो बुलडोजर एवं आठ ट्रैक्टर ट्राली जब्त करने की कार्रवाई की है। खनिज विभाग के द्वारा सड़क निर्माण करने वाली कंपनी के खिलाफ अवैध उत्खनन एवं परिवहन का प्रकरण भी दर्ज किया है।
खनिज अधिकारी मनीष पालेवार ने बताया कि खनिज विभाग के अमले को चोपना क्षेत्र में खनिज मिट्टी के अवैध उत्खनन की सूचना मिली थी। इस पर तहसील घोड़ाडोंगरी के ग्राम हीरापुर में सहायक खनि अधिकारी बीके नागवंशी एवं सहायक मानचित्रकार गणेश धाड़से द्वारा खनिज अमले के साथ मौका निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम हीरापुर से सालीवाड़ा बस्ती के निर्माणाधीन मार्ग पर दो ट्रैक्टर क्रमांक एमपी-48-एए-7322, एमपी-48-एए-6815 मार्ग पर मिट्टी डालते पाए गए। इसके साथ ही मिट्टी उत्खनित स्थल पर दो बुलडोजर तथा छह ट्रैक्टर-ट्राली मिट्टी उत्खनन से बने ताजे गड्ढों के पास खड़े पाए गए।
मौके पर मिट्टी उत्खनन से बने दो गड्ढे की माप की गई। माप अनुसार दोनों गड्ढों से कुल मात्रा 120 घन मीटर मिट्टी का उत्खनन होना पाया गया। मिट्टी से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को थाना चोपना की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ खड़ा किया गया। इसके अलावा दो बुलडोजर एवं खाली छह ट्रैक्टर-ट्रालियों को पुलिस थाना चोपना ले जाना संभव नहीं होने के कारण वाहन चालक एवं मशीन आपरेटरों को सुरक्षार्थ सुपुर्दगी में दिया गया। सडक़ निर्माण के लिए बिना अनुमति के मिट्टी का अवैध उत्खनन और परिवहन करने पर केएल एंड वीसी कंस्ट्रक्शन सारनी के प्रोप्राइटर किशोर चौहान के विरुद्ध अवैध उत्खनन का प्रकरण दर्ज किया गया है।
रेत का अवैध परिवहन करते ट्रैक्टर ट्राली जब्त
जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए खनिज विभाग की टीम ने ट्रैक्टर ट्राली जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है। खनिज अधिकारी पालेवार ने बताया कि खनिज अमले द्वारा चिचोली क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया तो ग्राम कोंढर में खनिज रेत का अवैध परिवहन करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली क्रमांक एमपी 48 ए 7022 को जप्त कर पुलिस थाना चिचोली की अभिरक्षा में खड़ा किया गया है तथा वाहन चालक तुलसी उईके पिता मंशु उईके निवासी ग्राम साबाढाना तहसील चिचोली एवं वाहन मालिक गब्बर वरकड़े पिता रूपचंद वरकडे निवासी ग्राम कोढर के विरुद्ध खनिज रेत के अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया है। खनिज विभाग के द्वारा की गई कार्रवाई से खनिज माफिया में हड़कंप मच गया है।




