Murder Revealed : बैतूल में आखिर हत्यारे क्यों बन गए पति-पत्नी

पत्नी से नजदीकी बढ़ा रहे युवक का गला घोंटकर कुंए में फेंक दिया था शव

BLIND MURDER : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पत्नी से युवक की बढ़ती नजदीकी को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए पति ने अपनी पत्नी को मोहरा बनाया। जिस युवक से पत्नी की नजदीकी बढ़ रही थी उसे रास्ते से हटाने के लिए घर बुलवाया और फिर बेरहमी से गला घोंटकर मौत के घाट उतार डाला। किसी को हत्या का पता न चले इस कारण शव को कुएं में फेंक दिया। पुलिस की जांच पड़ताल में जब हत्या का मामला सामने आया तो पूरा भेद खुल गया। अब पति-पत्नी को हत्या के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया गया है।

दरअसल बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम चोपन में 27 जुलाई को 43 वर्षीय शिवचरण पिता छाेटेलाल बामने की गला दबा कर हत्या करने के बाद शव को कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए हत्या करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।भैंसदेही थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि शिवचरण पिता छोटेलाल वामने उम्र 43 वर्ष निवासी ग्राम चोपन 27 जुलाई को रात 10 बजे करीब घर से बिना बताए कहीं चले गया था।

मृतक शिवचरण की पुत्री पूनम वामने के द्वारा थाना भैंसदेही में गुम इंसान कायम कराया गया था।30 जुलाई को ग्राम चोपन में प्रकाश बामने के कुएं में मृतक का शव मिला।स्वजनों द्वारा मृतक की मृत्यु में संदेह होना जाहिर किया गया। जांच के दौरान मृतक की घटना को रात्रि में लता बामने से अंतिम बार फोन पर बात होना पाया गया। इस आधार पर लताबाई बामने एवं उसके पति नरसिंह बामने से पूछताछ की गई। इसमें यह बात सामने आई कि मृतक शिवचरण की लता बाई से कई दिनों से मोबाईल पर बात हो रही थी। उसका घर पर आना-जाना भी लगा रहता था। जिसकी जानकारी उसके पति को हो गई थी।इसे लेकर दोनों के बीच कहा सुनी भी हुई।

घटना दिनांक की रात को मृतक शिवचरण ने लताबाई को फोन किया तो उसके पति नरसिंह ने योजना बनाकर मृतक शिवचरण को रात्रि में अपने घर बुलाया। नरसिंह ने शिवचरण का गला दबाकर हत्या कर घर के पीछे प्रकाश बामने के कुएं में शव को फेंक दिया था। पुलिस ने नरसिंह बामने और लताबाई बामने के विरूद्ध धारा 302, 201, 120 (बी), 34 का प्रकरण पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button