CRIME NEWS : बेटे की सड़क पर पटककर हत्या करने वाले पिता की लाश कुएं में मिली

CRIME NEWS : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आने वाले ग्राम सावंगा में खाना मांगने पर अपने चार वर्षीय बेटे की सड़क पर पटककर हत्या करने वाले पिता दुर्गेश का शव गांव के किसान के खेत के कुएं में पड़ा मिला। कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सावंगा में किसान सागर राठौर के खेत के कुए में गुरुवार को दोपहर में अज्ञात शव पड़ा नजर आया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। मृतक की शिनाख्त गांव के दुर्गेश उर्फ मंगल के रूप में की गई।

मृतक ने 16 जुलाई की रात्रि में अपने चार वर्षीय बेटे कार्तिक की सड़क पर पटककर हत्या कर दी थी और भाग गया था। पुलिस की तीन टीमें उसे हर संभावित स्थान पर तलाश कर रहीं थीं।

पुलिस ने आशंका जताई है कि बेटे को सड़क पर पटकने के बाद आरोपित ने या तो कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली होगी या फिर नशे की हालत में वह कुए में गिर गया और डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया है जहां शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
दरअसल दुर्गेश ने महाराष्ट्र के नासिक निवासी संगीता से प्रेम विवाह किया था। उसकी दो वर्ष की बेटी और चार वर्ष का बेटा है। शराब पीकर पत्नी से आए दिन विवाद करने के कारण वह कुछ दिन पहले बेटी को लेकर मायके चली गई थी।
बेटे ने मां के साथ जाने से इंकार कर दिया था इसी कारण से वह पिता के पास ही रह रहा था। सोमवार रात्रि करीब 12 बजे दुर्गेश शराब के नशे में घर आया और बेटे ने खाना मांगा तो उसकी पिटाई कर दी। जब वह रोने लगा तो उसे सड़क पर लाया और पटककर मौत के घाट उतार दिया।
सूचना मिलने पर डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में बालक को जिला अस्पताल लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार को उसकी लाश कुएं में पड़ी मिली।कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया ने बताया कि कुएं में बेटे की हत्या के आरोपी दुर्गेश की लाश मिली है।आशंका है कि उसने आत्महत्या कर ली है।




