Leopard Attack : जंगल में लकड़ी लेने गए युवक पर तेंदुए ने किया हमला, पेड़ पर चढ़कर बचाई जान

Leopard Attack In Betul: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में रविवार को सुबह जंगल में लकड़ी लेने गए युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। युवक ने पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
डेली खबर को मिली जानकारी के अनुसार घटना बैतूल जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम गेड़ीढाना के पास के जंगल की है। बागुड़ लगने के लिए लकड़ी लेने गए युवक पर अचानक ही तेंदुए ने हमला कर दिया । युवक घबराकर पहले पेड़ पर चढ़ा उतने ही देर में तेंदुए ने छलांग लगाकर युवक के पैर को पकड़ लिया। जिसमें युवक के पैर में गंभीर चोट आई है। जिसे फिलहाल जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है।
डेली खबर को प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश पिता लालजी ककोडिया उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम गेड़ीढाना तहसील शाहपुर रविवार सुबह सात बजे के आसपास अपने खेत से लगे हुए जंगल में बागुड़ के लिए लकड़ी लेने के लिए गया हुआ था। तभी वहां अचानक उसके सामने तेंदुआ आ गया। उसे देखकर राजेश घबरा गया और तत्काल जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़ने की कोशिश करने लगा। तेंदुए ने युवक को पेड़ पर चढ़ते समय की छलांग लगाई और उसके पैर को अपने जबड़े से जकड़ लिया। राजेश ने हिम्मत नही हारी और दर्द से बिलबिलाते हुए अपने पैरों को जोर जोर से झटका मारा जिससे तेंदुए की पकड़ कमजोर हो गई और उसने युवक के पैर को छोड़ दिया।
पेड़ के नीचे घूमता रहा तेंदुआ
हमला नाकाम होने के बाद तेंदुआ काफी देर उस पेड़ के नीचे घूमता रहा। फिर कुछ समय बाद तेंदुआ जंगल में चला गया। पैर में गंभीर चोट आने के कारण राजेश जैसे तैसे पेड़ से नीचे उतरा और खेत तक आया। यहां आकर आसपास के लोगों को हमले की जानकारी दी।
उसको लोगों ने बाईक पर बिठाकर तत्काल गंभीर हालत में शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उपचार किया जा रहा है।




