जल गंगा संवर्धन अभियान में माचना घाट पर चला वृहद सफाई अभियान। जनप्रतिनिधियों से लेकर नागरिकों ने किया श्रमदान ।

बैतूल। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 29 मार्च को सुबह फिल्टर प्लांट माचना घाट पर वृहद स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान में नगर पालिका परिषद बैतूल की अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने अभियान का संचालन किया। उपाध्यक्ष महेश राठौर ने भी मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य में हिस्सा लिया।
इस दौरान आनंद प्रजापति पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद, रघुनाथ लोखण्डे सभापति, अंजुरानी शर्मा पार्षद, ममता मालवी महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री एवं पार्षद, अतीत पवार पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश मंत्री भारतीय जनता पार्टी, मुकेश झारे अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश मंत्री भारतीय जनता पार्टी भी अभियान में शामिल हुए और श्रमदान किया।
नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी पूरे समय सफाई अभियान में जुटे रहे। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान कर अभियान में भागीदारी की।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह वृहद सफाई अभियान चलाया गया, ताकि लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।




