Call For Action: पुलिस हिरासत में युवक की मौत, टीआई., एसडीओपी, एसडीएम पर कार्रवाई की मांग

Betul News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आदिवासी युवक की पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत के मामले में आदिवासी कोरकू उन्नतशील संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार को मुआवजा राशि देने की मांग की है।
संगठन के जिला अध्यक्ष चैतराम कास्दे ने बताया कि राहुल पिता चम्पालाल निवासी पिपलना खुर्द तह. भैंसदेही जिला बैतूल म.प्र का निवासी है, कुछ दिन पूर्व भैंसदेही पुलिस द्वारा 151 की कार्यवाही करते हुए उसे थाने में लाया गया और पुलिस हिरासत में उसकी मृत्यु हो जाती है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वह स्वस्थ था, उसकी मृत्यु संदेहजनक है। पीड़ित परिवार एवं कोरकू समाज संगठन न्याय की मांग कर रहा है।
आदिवासी कोरकू उन्नतशील संगठन ने घटना की उचित जॉच कर टी.आई., एस.डी.ओ.पी., एसडीएम पर भी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इन अधिकारियों की निगरानी में मृत्यु हुई है, इसलिए युवक की मौत के मामले में न्यायिक जांच कर पीड़ित परिवार को मुआवजा राशि दी जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष चैतराम कास्दे, ब्लॉक अध्यक्ष आठनेर हरिचरण कास्दे, ब्लॉक अध्यक्ष भैंसदेही रामसू धिकारे, कार्यवाहक अध्यक्ष चिचोली संतोष अखंडे, उपाध्यक्ष भैंसदेही मोहन धाडसे, महासचिव चिचोली सुनील बेठे, राकेश मोरले, मोतीलाल कास्दे, उमराव सेलूकर, कमलेश ठाकरे, अनिल कास्दे, नरेंद्र, पवन गोंड, उमरसिंह अखंडे, गुणवंत भूसुमकर आदि कार्यकर्ता शामिल थे।




