अब वार्ड 14 में नहीं दिखेगी कोई कच्ची सड़क, सीसी रोड निर्माण का हुआ शुभारंभ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से विकास कार्यों को मिली रफ्तार । वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से वार्डवासियों में खुशी की लहर। वार्डवासियो को मिले सभी बुनियादी सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ - गायत्री कैलाश आजाद।

आठनेर। नगर के वार्ड क्रमांक 14 में जनसुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सीमेंट कंक्रीट सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मौजूद वार्डवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने कहा कि वार्ड पार्षद एवं सभापति (राजस्व, सामान्य प्रशासन एवं वित्त विभाग) गायत्री कैलाश आजाद के नेतृत्व में लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
– आवागमन होगा सुगम
वार्डवासियों के अनुसार सीसी रोड निर्माण से आवागमन आसान होगा तथा बारिश के दौरान कीचड़ और अन्य समस्याओं से राहत मिलेगी। वर्षों से लंबित इस मांग के पूरा होने से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद गायत्री कैलाश आजाद ने कहा कि वार्ड की कोई भी सड़क कच्ची नहीं रहने दी जाएगी और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
– विधायक का मिल रहा सहयोग
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल का निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे वार्ड में विकास की गति तेज हुई है। नागरिकों ने भी विधायक और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों की यह श्रृंखला वार्ड की प्रगति और समृद्धि का प्रतीक है तथा भविष्य में वार्ड एक आदर्श वार्ड के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सुरेंद्र सोनी, कैलाश आजाद, जगदीश रूरपुरे, शिवम नायक, आशुतोष नायक, राजू राठौर, कैलाश सोनी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।




