अजब-गजब: बैतूल जिले में पहली बार मतदान करने के बाद मतदाताओं की दो ऊंगली पर नजर आएगी अमिट स्याही
शुक्रवार को बैतूल जिले के रजापुर, डूडर रैयत, कुंदा रैयत एवं चिखलीमाल में दोबारा होगा मतदान

अजब-गजब: बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल लोकसभा क्षेत्र में चार मतदान केंद्रों के मतदाताओं को अब तक के इतिहास में पहली बार अपनी दो ऊंगलियों पर मतदान करने के बाद लगाई जाने वाली अमिट स्याही देखने का मौका मिलेगा। दरअसल लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को मतदान संपन्न होने के बाद जिस बस से मतदान दल लौट रहा था उसमें आग लग गई। इससे बस के साथ ईवीएम, वीवीपैट और अन्य चुनाव सामग्री जलकर नष्ट हो गई थी।

चुनाव आयोग के द्वारा इन चार केंद्रों पर दोबारा मतदान के लिए 10 मई की तिथि घोषित की है। मतदान के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई। गुरुवार को मतदान दल रवाना कर दिए गए और शुक्रवार को सुबह माक पोल कराने के बाद सात बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। मतदान करने के बाद मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्य ऊंगली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। शुक्रवार को रजापुर, डूडर रैयत, कुंदा रैयत तथा चिखलीमाल के मतदाता दो दिन बाद ही एक बार फिर से लोकसभा के प्रत्याशी को अपना वोट देंगे।
नौ मई को हुए मतदान में मतदान केंद्र क्रमांक 275 रजापुर में कुल 1039 मतदाता में से 811 ने मतदान किया। मतदान केंद्र क्रमांक 276 डूडर रैयत में कुल 603 मतदाताओं में से 470 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान केंद्र क्रमांक 279 कुंदा रैयत में 727 मतदाताओं में से 565 मतदाताओं ने तथा मतदान केंद्र क्रमांक 280 चिखलीमाल में कुल 668 मतदाताओं में से 480 मतदाताओं ने मतदान किया था।चारों मतदान केन्द्र में कुल 3037 मतदाताओं में से 2326 मतदाताओं ने मतदान किया था।
रजापुर आदिवासी बाहुल्य ग्राम होने के बावजूद विगत 7 मई के चुनाव में मतदान का खासा प्रतिशत रहा था जिससे मतदाताओं के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है। वर्तमान में 10 मई को पुन: चार मतदान केन्द्रों पर चुनाव संपन्न होने जा रहे हैं जिसके लिए प्रशासन द्वारा एक दिन पूर्व चारों मतदान केन्द्रों पर तैयारियां पूर्ण कर ली है तथा शुक्रवार सुबह चाक चौबंद व्यवस्थाओं के बीच चारों मतदान केन्द्रों पर चुनाव संपन्न होंगे।
मध्य उंगली पर लगेगा चुनाव का निशान:
विगत 7 मई को संपन्न चुनाव में चार मतदान केन्द्रों के मतदाताओं को उंगली पर निशान लगाए गए थे लेकिन वस्तुस्थिति के चलते पुन: चुनाव होने जा रहे हैं जिससे चारों मतदान केन्द्रों के मतदाताओं को पुन: मतदान करना होगा। इसके लिए 10 मई को संपन्न होने वाले चुनाव में मतदान करने वाले मतदाताओं की मध्यमा उंगली पर निशान लगाया जाएगा जिससे मतदाताओं की दो उंगलियों पर निशान होंगे। बताया जा रहा है कि ऐसा वर्षों बाद हो रहा है जब मतदाताओं के दो उंगली पर चुनाव निशान होंगे।




