पट्टा होने के बावजूद मकान तोड़े जाने से बेघर हुई महिला।

नायब तहसीलदार के खिलाफ बिना नोटिस कार्रवाई का आरोप, कलेक्टर एसपी से की शिकायत । गृहस्थी का सामान नष्ट, 10 लाख नुकसान का दावा।

बैतूल। सदर बाजार क्षेत्र के भगतसिंह वार्ड पानी की टंकी के पास रहने वाली उषा बाई मोरे ने कलेक्टर और एसपी से शिकायत कर नायब तहसीलदार पूनम साहू पर बिना नोटिस मकान तुड़वाने का आरोप लगाया है। शिकायत में उषा बाई मोरे ने बताया कि वह नगरपालिका बैतूल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्य करती हैं और विधवा महिला हैं।

शिकायत के अनुसार वर्ष 2018 में भूमिहीन परिवारों को दिए गए 30 वर्षीय पट्टे के तहत उन्हें 260 वर्गफीट भूमि आवंटित की गई थी। उसी भूमि पर वह लंबे समय से परिवार सहित मकान बनाकर निवास कर रही थीं। आरोप है कि 8 फरवरी 2018 के पट्टे के बावजूद नायब तहसीलदार पूनम साहू ने बिना किसी नोटिस या सूचना के जेसीबी से उनका मकान तुड़वा दिया।

उषा बाई मोरे का कहना है कि कार्रवाई के दौरान उनके घर का पूरा सामान नष्ट हो गया और उन्हें करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी भी दी गई। शिकायत में कहा गया है कि मकान बंद था और उसमें ताला लगा हुआ था, इसके बावजूद तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई।

आवेदिका ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के कुछ असामाजिक तत्वों की शिकायत के आधार पर उनका मकान तुड़वाया गया। उन्होंने बताया कि वह स्वीपर समाज से हैं और मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। अब मकान टूटने के बाद उनके पास रहने के लिए कोई अन्य भूमि या मकान नहीं बचा है।

उषा बाई मोरे ने कलेक्टर और एसपी से मामले की जांच कर नायब तहसीलदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, नुकसान का आकलन कराने और मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button