सात मिनट के रिकॉर्डेड ड्रामा में झांसी की रानी की वीर गाथा ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
सपनों की उड़ान के साथ मॉम्स प्ले एण्ड पब्लिक स्कूल का 9वां वार्षिक उत्सव सम्पन्न


केसर बाग में नन्हें कलाकारों ने बिखेरा जलवा, स्थापना दिवस पर हुए रंगारंग आयोजन
बैतूल। मॉम्स प्ले एण्ड पब्लिक स्कूल का 9वां वार्षिक उत्सव एवं स्थापना दिवस केसर बाग, बैतूल में उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। शाम 5:30 बजे से रात 8 बजे तक चले इस आयोजन में सपनों की उड़ान थीम के अनुरूप प्ले ग्रुप से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने आकर्षक और प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की प्रमुख प्रस्तुति माय नेम इज माधवी उषा उत्थुप के गीत पर आधारित राष्ट्र एकता थी, जिसमें भारत के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक छात्र-छात्राओं एवं उनकी माताओं ने मंच पर प्रस्तुत की। सात मिनट के रिकॉर्डेड ड्रामा में झांसी की रानी की वीर गाथा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं गोकुलधाम सोसायटी की पृष्ठभूमि पर जेठालाल और दया बेन की हास्य प्रस्तुति ने माहौल को हल्का और मनोरंजक बना दिया। इसके अलावा कई शिक्षाप्रद, मनोरंजक एकल और समूह नृत्य भी प्रस्तुत किए गए।
मुख्य अतिथियों के रूप में डॉ. निहारिका भावसार, प्रोफेसर जे.एच. कॉलेज बैतूल, डॉ. सरिता डेहरिया, आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर बैतूल तथा डॉ. अजय मांडवे, आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर केरपानी उपस्थित रहे। वर्षभर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को गिफ्ट बॉक्स, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण स्कूल डायरेक्टर श्रीमती संध्या महाले, स्कूल प्रिंसिपल पारूल ठाकरे, मैनेजिंग डायरेक्टर राजू महाले, मुकेश चौरसिया, श्रीमती सोनाली चौरसिया, रमेश ठाकरे, श्रीमती पुष्पा ठाकरे, श्रीमती दर्शना महस्की एवं श्रीमती रोहिता मांडवे ने किया।
मंच संचालन श्रीमती भावना प्रसाद और श्रीमती चित्रा सोनी ने किया। अंत में स्कूल डायरेक्टर श्रीमती संध्या महाले ने पालकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।





