Announcement of park construction: बांसपुर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा और पार्क निर्माण की हुई घोषणा

बैतूल। ग्राम पंचायत बांसपुर में भारत रत्न और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। अजाक्स संघ, आकाश संघ, सर्व आदिवासी समाज संगठन, सर्व अनुसूचित जाति संगठन तथा सर्व कर्मचारी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में बांसपुर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा और ब्लॉक स्तरीय पार्क निर्माण के लिए स्थान चिन्हित किया गया।

इस अवसर पर हाई स्कूल बांसपुर के प्रभारी प्राचार्य एम.एल. अहाके ने कहा कि हमें जागने में समय जरूर लगा, लेकिन अब संगठन के माध्यम से हर संभव प्रयास किया जाएगा कि बाबा साहब की सोच को जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान का महत्व और अपने अधिकारों की समझ आम जनमानस तक पहुंचना बेहद जरूरी है।

अजाक्स के जिला अध्यक्ष दशरथ धुर्वे ने अपने उद्बोधन में भावुक होकर कहा कि यह मेरे लिए गर्व का विषय है कि मैंने अपनी शिक्षा बांसपुर से प्राप्त की और आज इसी विद्यालय में शिक्षक के रूप में पदस्थ हूं। आज मुझे डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती पर प्रतिमा स्थापना और पार्क निर्माण की जिम्मेदारी सौंपना मेरे जीवन का गौरवपूर्ण क्षण है।

ग्राम पंचायत बांसपुर के सरपंच रामबक्स वरकड़े ने कहा कि मेरे पंचायत क्षेत्र में बाबा साहब की प्रतिमा और पार्क बनाया जा रहा है, यह मेरे लिए अत्यंत गर्व की बात है। मैं तन, मन और धन से इस कार्य में सहयोग करूंगा।

कार्यक्रम में जिला सचिव हेमराज बेले ने कहा कि यह मेरे लिए अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि मेरे जन्म स्थान में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण आगामी 14 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। यह ऐतिहासिक दिन हम सभी के लिए प्रेरणा और एकता का प्रतीक बनेगा।

इस महत्वपूर्ण आयोजन में सरपंच रामबक्स वरकड़े, उपसरपंच राजेश भोरसे, प्रभारी प्राचार्य एम.एल. अहाके, अजाक्स जिला अध्यक्ष दशरथ धुर्वे, जिला सचिव हेमराज बेले, सचिव मनोहर भलावी, दीपक अहिरवार, रोजगार सहायक राजेश भोरसे, सीमा अश्वरे, रामबाई और शिवकली बाई सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button