एनएसएस से जुड़कर समाजसेवा में योगदान दें इंजीनियरिंग छात्र: प्रो. डॉ. जी.पी. साहू

ओरिएंटेशन कार्यक्रम में छात्रों को समझाया एनएसएस का महत्व

एनएसएस से जुड़ने के फायदे बताए, सालभर की गतिविधियों की दी जानकारी

बैतूल। श्री बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, बैतूल में चल रहे स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम के तहत नवप्रवेशित इंजीनियरिंग विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एनएसएस की गतिविधियों, सामाजिक सेवा में इसकी भूमिका और इससे जुड़ने के लाभों की जानकारी देते हुए योजना से जुड़कर समाजसेवा में योगदान देने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय जे.एच. महाविद्यालय के प्रो. डॉ. जी.पी. साहू रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को एनएसएस से जुड़ने तथा इसके माध्यम से विभिन्न सेवा कार्यों में भाग लेने के फायदे समझाए। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी प्रो. नीलेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को एनएसएस की कार्यप्रणाली और महाविद्यालय में वर्षभर योजना के माध्यम से आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने एनएसएस की उपलब्धियों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए अधिक से अधिक छात्रों से योजना से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.जे. शाह, विभागाध्यक्ष प्रो. वी.के. मालवी, प्रो. अंकुर राठौर, प्रो. हंसराज धाड़से, प्रो. अंकित खासदेव, प्रो. अनिरुद्ध दारूड़कर, प्रो. रिशु डांगी, प्रो. दीक्षा राठौर, प्रो. दीपिका मालवी, प्रो. मुस्कान पवार सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button