पेट्रोल पंप मारपीट केस में दो और आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ले जाते समय निकाला पैदल जुलूस

बैतूल। अखतवाड़ा खेड़ी स्थित शिव शक्ति सेल्स पेट्रोल पंप पर कर्मचारी से मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने से पहले कोतवाली थाने से जिला न्यायालय तक करीब एक किलोमीटर पैदल जुलूस निकालकर ले गई, जो शहर में चर्चा का विषय बना रहा।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में आकाश विश्वकर्मा (25) निवासी शंकर नगर, भग्गूढाना और अमन शाह (23) निवासी विनोबा नगर, भग्गूढाना शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले का मुख्य आरोपी अनुराग उर्फ अरुण मालवीय पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना 19 जुलाई की रात की है, जब पुरानी रंजिश के चलते पेट्रोल पंप कर्मचारी राजेश शेषकर के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, पेट्रोल पंप कार्यालय में तोड़फोड़ कर कांच तोड़े और जान से मारने की धमकी दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आया। फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया के नेतृत्व में उप निरीक्षक राकेश सरयाम, बसंत कुमार अहके, एएसआई प्रवीण पचौरी सहित कोतवाली पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button