हर बूथ पर कांग्रेस संगठन मजबूत करना पहली प्राथमिकता: निलय डागा।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने तीन दिवसीय दौरे में तय किया रोडमैप।

बैतूल। तीन दिवसीय ब्लॉक दौरे पर निकले कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय विनोद डागा ने गुदगांव और भीमपुर में आयोजित रणनीतिक बैठकों के जरिए साफ संकेत दिया कि आने वाले समय में पार्टी की प्राथमिकता केवल एक है, हर बूथ पर मजबूत संगठन खड़ा करना। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद करते हुए जमीनी हकीकत को समझा और संगठन को धार देने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए।
गुदगांव और भीमपुर में आयोजित बैठकों में ब्लॉक अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं के साथ विस्तार से चर्चा की गई। निलय विनोद डागा ने पंचायत कमेटी और वार्ड कमेटियों के गठन को जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत गांव और वार्ड स्तर से ही तैयार होती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जब तक बूथ मजबूत नहीं होगा, तब तक बड़े चुनावी लक्ष्य हासिल करना मुश्किल है।
बैठक के दौरान निलय डागा ने औपचारिक समीक्षा तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर जमीनी फीडबैक लिया। उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि किन मुद्दों पर जनता की नाराजगी है और किन क्षेत्रों में कांग्रेस अपनी पकड़ मजबूत कर सकती है। इस प्रक्रिया में उन्होंने स्थानीय स्तर पर संगठन की कमजोरियों और संभावनाओं दोनों का आकलन किया।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से मिला संगठन को बल
इन रणनीतिक बैठकों में भैंसदेही विधानसभा प्रभारी नारायणराव धोटे, संगठन महामंत्री ब्रजभूषण पांडे, भैंसदेही के पूर्व विधायक धरमूसिह सिरसाम, अध्यक्ष नरेश मोहरे, राजकुमार मर्सकोले, गोपाल आजाद, ब्लॉक प्रभारी सुभाष यादव, संतोष बटनु पटेल सहित मंडलम अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
– बूथ स्तर पर मजबूती ही जीत की कुंजी
निलय डागा ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में कांग्रेस की रणनीति पूरी तरह बूथ केंद्रित होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर बूथ पर मजबूत टीम बनाकर ही चुनावी लड़ाई जीती जा सकती है। इस दौरान उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का संदेश दिया, जिससे पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सके।





