ग्रामीणों को नियमित योग अपनाने और रोगों से बचाव के प्रति किया जागरूक ।
ओम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज चला रहा निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर।

बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ओम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, भारत भारती जामठी बैतूल द्वारा 100 दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण अभियान निरंतर जारी है। आयुष मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली एवं संचालनालय आयुष विभाग मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
महाविद्यालय में आयोजित इस योग प्रशिक्षण अभियान का संचालन आदरणीय अध्यक्ष गणेश मालवीय, कोषाध्यक्ष संतोष पाल एवं प्राचार्य डॉ. विजय माने के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। वहीं उपप्राचार्य डॉ. राजकुमार मिश्रा द्वारा पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। महाविद्यालय प्रबंधन ने इसे जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान बताया है।
– नगरवासियों को दिया योग प्रशिक्षण
गुरुवार 21 मई को महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. हिमांशु मालवीय तथा इंटरनी मयूरी, प्राची, हेमंत एवं ललित द्वारा बैतूल नगर के नागरिकों को योग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी गई।
– गांव-गांव पहुंच रहा योग अभियान
महाविद्यालय की टीम द्वारा जिला बैतूल के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को योगाभ्यास कराया जा रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को नियमित योग अपनाने और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग योग के जरिए स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें।
– 21 जून तक जारी रहेगा प्रशिक्षण
महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर 21 जून 2026 तक जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक चलने वाले इस अभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



