गणेश उत्सव की जमीन पर कब्जे की शिकायत, कलेक्टर ने दिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश

वार्डवासियों ने जनसुनवाई में की थी शिकायत 

बैतूल। शाहपुर तहसील के वार्ड नंबर 09 स्थित स्टाफ क्वार्टर क्षेत्र में सार्वजनिक शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण और व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर रहवासियों में आक्रोश है। गणेश उत्सव से पहले सार्वजनिक स्थल खाली कराने और अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर वार्डवासी एवं गणेश उत्सव समिति के सदस्य मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे और जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सोनवणे को आवेदन सौंपा। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम और मुख्य नगरपालिका अधिकारी शाहपुर को मौके की जांच कर नियमानुसार जल्द अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

वार्डवासियों के अनुसार, क्षेत्र में स्थित यह एकमात्र सार्वजनिक शासकीय भूमि है, जिसका उपयोग वर्षों से श्री गणेश प्रतिमा स्थापना, धार्मिक आयोजनों और बच्चों के खेलकूद के लिए किया जाता रहा है। रहवासियों ने आवेदन में आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से दिलीप प्रजापति, मोतीलाल प्रजापति, दीपक प्रजापति और रमेश भलावी द्वारा उक्त स्थल पर वाहनों की पार्किंग कराई जा रही है तथा सामान रखकर सार्वजनिक स्थान को घेर लिया गया है। आवेदन में वाहनों से कथित रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का भी आरोप लगाया गया है।

रहवासियों और गणेश उत्सव समिति का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर वाहनों और सामान के कारण जगह काफी हद तक अवरुद्ध हो गई है। इससे आगामी गणेश उत्सव के लिए पंडाल लगाने सहित अन्य तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। वार्डवासियों के मुताबिक नगर परिषद द्वारा इसी स्थान पर बच्चों के खेलने के लिए पार्क विकसित किया गया है, जहां झूले और बेंच भी लगाए गए हैं। वाहनों की आवाजाही और असामाजिक गतिविधियों की आशंका के चलते बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। रहवासियों ने प्रशासन से स्थल को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

– शिकायत के बाद भी नहीं की गई कार्रवाई

वार्डवासियों ने बताया कि इस मामले को लेकर 1 सितंबर को मुख्य नगरपालिका अधिकारी और तहसीलदार शाहपुर को भी शिकायत की गई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर के समक्ष मामला उठाना पड़ा। अब कलेक्टर के निर्देश के बाद रहवासियों को उम्मीद है कि सार्वजनिक भूमि की स्थिति की जांच कर प्रशासन शीघ्र कार्रवाई करेगा और गणेश उत्सव से पहले स्थल को व्यवस्थित कराया जाएगा।

– शासकीय रास्ता खुलवाने के आवेदन पर भी निर्देश

जनसुनवाई में शाहपुर क्षेत्र से जुड़े एक अन्य मामले में हेमराज यादव ने शासकीय रास्ता खुलवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर भी कलेक्टर ने शाहपुर तहसीलदार (ग्रामीण) को मामले का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button