Youth Congress election dates announced: युवा कांग्रेस चुनाव की तारीखें घोषित, आईवायसी ऐप से होगी पूरी प्रक्रिया
19 जुलाई तक चलेगा सदस्यता और मतदान अभियान

युवा कांग्रेस चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने बैतूल पहुंचे चुनाव अधिकारी भोग जगदीश
बैतूल। भारतीय युवा कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण द्वारा मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस चुनाव के लिए सदस्यता और मतदान की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। चुनाव अधिकारी भोग जगदीश बैतूल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विथ आईवायसी ऐप के माध्यम से होने वाले ऑनलाइन सदस्यता और मतदान की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी साझा की और सभी पात्र युवाओं से इस अभियान में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर तुलसी उइके, राहुल परते, कमलेश यादव, जितेंद्र सिंह इवने उपस्थित रहे। चुनाव प्राधिकरण के अनुसार सदस्यता और मतदान प्रक्रिया एक साथ 20 जून को सुबह 9 बजे से प्रारंभ हो गई है। यह प्रक्रिया 19 जुलाई को सायं 5 बजे तक चलेगी। इस बार संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से विथ आईवायसी ऐप पर संचालित की जाएगी।
चुनाव प्राधिकरण ने बताया कि 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवक-युवतियां इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। सदस्यता शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसकी अंतिम तिथि 21 जुलाई 2025 सायं 5.00 बजे तक रहेगी। आवेदनकर्ता युवा आईवायसी ऐप के माध्यम से सदस्य बनकर उसी प्लेटफॉर्म पर मतदान भी कर सकेंगे।
मध्यप्रदेश में युवा कांग्रेस चुनाव के तहत ब्लॉक कमेटी, विधानसभा कमेटी, जिला महासचिव, जिला अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव एवं प्रदेश अध्यक्ष जैसे पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इन सभी पदों पर चुने जाने वाले उम्मीदवारों के लिए आईवाईसी ऐप से ऑनलाइन वोटिंग होगी। मतदान के लिए पहचान पत्र के रूप में वोटर आईडी कार्ड या ई-मतदान पहचान पत्र के साथ साथ आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। चुनाव प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि सभी दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जाएगी, जिसके पश्चात चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव अधिकारी भोग जगदीश ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने वाले किसी भी उम्मीदवार द्वारा अनियमितता या गड़बड़ी की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। चुनाव प्राधिकरण ने यह भी कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाएगी। प्राधिकरण के सदस्यों ने मध्यप्रदेश के सभी पात्र युवाओं से अपील की कि वे इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और संगठनात्मक मजबूती के लिए योगदान दें।





