छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा अनावरण में केंद्रीय राज्य मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल।
ग्राम स्तर पर सोनेगांव दर्शन पुस्तिका का होगा विमोचन। प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान समारोह भी होगा आयोजित। ग्रामोत्थान समिति और शिवाजी युवा संगठन ने पूरी की तैयारियां।

बैतूल। आमला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोनेगांव में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण 17 मई को सुबह 11:30 बजे किया जाएगा। ग्रामोत्थान जन कल्याण समिति सोनेगांव एवं छत्रपति शिवाजी युवा संगठन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
समिति के प्रतिनिधि मंडल रविशंकर पारखे, जगदीश फाटे, संतोष पारखे, देवेंद्र फाटे और सचिन चढ़ोकार ने बताया कि कार्यक्रम में सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखदेव पांसे और पूर्व विधायक डॉ. पी.आर. बोडखे सहित कुनबी समाज के तहसील, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम स्तर पर तैयार सोनेगांव दर्शन पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। साथ ही गांव के प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान भी किया जाएगा। ग्रामोत्थान जन कल्याण समिति के महासचिव रविशंकर पारखे ने बताया कि क्षेत्र और जिले के अनेक प्रतिनिधि कार्यक्रम में भाग लेंगे। ग्रामोत्थान समिति, शिवाजी युवा संगठन और ग्राम पंचायत सोनेगांव ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




