उमड़ला की सरकारी पुलिया निर्माण में ग्रामीणों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप।

घटिया सामग्री से बना ढांचा, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं।

बैतूल। जनपद पंचायत भैंसदेही ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत राक्सी के ग्राम उमड़ला में सरकारी फंड से बनी पुलिया पर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया निर्माण में गुणवत्ता की पूरी तरह अनदेखी की गई है, जिससे निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण में घटिया सीमेंट और रेत का उपयोग किया गया। कंक्रीट बेस भी कमजोर तरीके से तैयार किया गया, जिसके ऊपर सिर्फ दिखावे के लिए प्लास्टर कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य जल्दबाजी और कमीशनखोरी के चलते किया गया, जिससे पुलिया की मजबूती पर संदेह पैदा हो गया है।

जब ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की, तो सरपंच, सचिव और ठेकेदार एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आए। कोई भी स्पष्ट जवाब देने को तैयार नहीं है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पुलिया की जांच नहीं करवाई गई, तो भविष्य में यह हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button