Vikas yatra: विकास यात्रा को बताया जनता को गुमराह करने की चाल, यात्रा के नाम पर इवेंट मैनेजमेंट का आरोप
विधायक का तंज: चुनाव आते ही भाजपा ने शुरू की झूठ, प्रपंच, ढकोसला बाजी की राजनीति
बैतूल। कांग्रेस विधायक निलय विनोद डागा ने भाजपा की विकास यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा विकास यात्रा नहीं पाखंड यात्रा कर रही है। चुनाव आते ही भाजपा ने झूठ, प्रपंच, ढकोसला बाजी करना शुरू कर दिया है। भाजपा की यात्रा “सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली” कहावत को चरितार्थ कर रही है।
विधायक श्री डागा ने कहा कि मध्य प्रदेश को विकास के हर पैमाने पर पीछे धकेलने के बाद अब इनके नेता विकास यात्रा का ढोंग कर रहे हैं। भाजपा सरकारी खर्च से पार्टी का प्रचार करना चाहती है। मध्य प्रदेश की जनता इनके विकास की सच्चाई को जानती है। अब समय विकास यात्रा का नहीं, भाजपा की विदाई यात्रा का है। इनकी यात्रा विकास की नहीं भ्रष्टाचार की घोतक है, जनता को गुमराह करने की चाल है।
plastic free village : प्लास्टिक मुक्त गांव को लेकर जौलखेड़ा पंचायत ने शुरू किया अनूठा प्रयास… यह पढ़े
खुद के विकास पर करोड़ों खर्च कर रही भाजपा
विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के विकास के लिए नहीं बल्कि खुद के विकास की यात्रा कर रही है। दुष्प्रचार पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। श्री डागा ने शिक्षकों, ओल्ड पेंशन स्कीम, संविदा कर्मियों, आउट सोर्सिंग कर्मचारियों की लंबित मांगों और परेशानियों पर भी सरकार का ध्यानाकर्षण किया। उन्होंने कहा कि जिले में विगत वर्षों में एक भी हाई स्कूल, हायर सेकंडरी नही बन पाए हैं। प्रदेश की जनता मनमाने बिजली बिल से परेशान है, खाद और डीजल के दाम से किसान परेशान है, किसानों पर झूठे बिजली चोरी के प्रकरण बनाए जा रहे हैं यह कैसा विकास है।भाजपा यात्रा के नाम पर किसे गुमराह करना चाहती है। श्री डागा ने कहा कि भाजपा अपनी झूठ की फसल को लहलहाने में छल प्रपंच का खाद-पानी डालती है। वह समझती है कि जनता उसकी सच्चाई नहीं जान पाएगी। लेकिन भाजपा की हकीकत अब सामने आ चुकी है। प्रदेश को विकास की राह पर ले जाने में भाजपा पूरी तरह विफल है।
good news : रेत के दाम 36 और 38 रूपये घन फीट हुए, जनता को मिलेगी राहत…. यह भी पढ़े
विकास यात्रा के नाम पर इवेंट मैनेजमेंट कर रहीं सरकार
श्री डागा ने विकास यात्रा को ‘धोखाधड़ी यात्रा’ बताया और कहा कि इसका मकसद केवल लोगों का ध्यान भटकाना है। विकास यात्रा के नाम पर सरकार इवेंट मैनेजमेंट कर रही है। सिर्फ झूठा दिखावा करने में लगी हुई है। प्रदेश को बेरोजगारी और महंगाई में देश में अव्वल बनाने के बाद शिवराज सरकार विकास यात्रा के नाम पर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। यात्रा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अब चाहे कोई भी यात्रा निकाले, जनता उनकी नीति, नीयत और इरादों को ठीक तरह से समझ चुकी है। अराजकता, भ्रष्टाचार के पोषक दल को जनता अपना समर्थन नहीं देगी।