सारणी में दिनदहाड़े कोयला चोरी पर पाथाखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोयलांचल क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय कोयला माफियाओं पर आखिरकार पुलिस का शिकंजा कस ही गया। गुरुवार को पाथाखेड़ा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध कोयले से लदा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया है। हालांकि, यह कार्रवाई सिर्फ एक जब्ती नहीं है, बल्कि यह वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) की ‘सुरक्षा’ के नाम पर चल रही भारी लापरवाही और अधिकारियों की संदिग्ध भूमिका पर भी एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है।
दरअसल पुलिस सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, गुरुवार को ढुमका ढाना रोड पर अवैध कोयले का परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। जांच के दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर ट्राली में प्रचुर मात्रा में अवैध कोयला पाया गया। पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर पाथाखेड़ा चौकी में खड़ा कर दिया है और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है।




