ढप्पा में 8 फरवरी को होगा खिताबी महामुकाबला
ग्रामीण अंचल के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा राज्य स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट

बैतूल। ग्रामीण अंचल के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा राज्य स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट अब 8 फरवरी, रविवार को अपने निर्णायक मुकाम पर पहुंचेगा। पूरे प्रदेश की नजरें इस खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं, जो ग्राम ढप्पा के लिए खेल इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बनने जा रहा है।
यह राज्य स्तरीय टूर्नामेंट पूर्व में 1 फरवरी को प्रस्तावित था, लेकिन आवश्यक एवं अपरिहार्य कारणों के चलते उस दिन फाइनल मुकाबला आयोजित नहीं हो सका। आयोजकों द्वारा स्थिति को देखते हुए फाइनल को स्थगित किया गया और अब सभी तैयारियों के साथ 8 फरवरी को महामुकाबले की नई तिथि तय की गई है।
8 फरवरी को आयोजित होने वाले फाइनल मुकाबले में प्रमुख जनप्रतिनिधियों, अतिथियों और खेल प्रेमियों की विशेष मौजूदगी रहेगी।
– राज्य भर की चर्चित टीमों ने बढ़ाया टूर्नामेंट का कद
राज्य के विभिन्न जिलों से आई नामी और चर्चित टेनिस बॉल क्रिकेट टीमों की भागीदारी ने इस टूर्नामेंट को विशेष पहचान दिलाई है। लगातार रोमांचक मुकाबलों के बाद अब फाइनल का इंतजार पूरे क्षेत्र में बेसब्री से किया जा रहा है।
आयोजकों और स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह टूर्नामेंट ग्राम ढप्पा को प्रदेश स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला साबित होगा। साथ ही यह आयोजन ग्रामीण युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य में राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा।




