Two NSS students were honored with Bhaiji Seva Ratna at the Global Youth Festival.ग्लोबल यूथ फेस्टिवल में भाईजी सेवा रत्न से सम्मानित हुए रासेयो के दो विद्यार्थी
फेस्टिवल में देश विदेश के 500 युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता हुए शामिल

बैतूल। हरियाणा राज्य के पानीपत जिले में संत निरंकारी भवन में आयोजित सात दिवसीय ग्लोबल यूथ फेस्टिवल 2025 में बैतूल के राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों को समापन सामरोह के दिन राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय एकता अखंडता के लिए बेहतर कार्य करने के लिए भाईजी सेवा रत्न से सम्मानित किया गया।
इस फेस्टिवल में 500 से अधिक देश विदेश के युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया था। इनमें बैतूल जिले के युवा मनोज उइके और पूजा कापसे को भी ग्लोबल यूथ फेस्टिवल में सम्मानित किया गया। 7 दिनों तक आयोजित इस फेस्टिवल में देश के वर्तमान परिस्थितियों में युवाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई।
राष्ट्रीय युवा योजना के राष्ट्रीय सचिव रणसिंह परमार गांधी, ग्लोबल फैमिली दिल्ली के राजाराम मोहन राय, केरल के सुकुमारन, उड़ीसा के मधुसुदन दास आदि ने शाल, मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में लगभग 21 लोगों को यह सम्मान दिया गया।
समापन सत्र में महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर गहन चर्चा की। यह आयोजन गांधी ग्लोबल फैमिली, संत निरंकारी मिशन तथा नेशनल यूथ प्रोजेक्ट के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। फेस्टिवल के दूसरे चरण में युवाओं ने पानीपत के प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया। भ्रमण के बाद मुख्य बाजार में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली के राजघाट समाधि के सचिव रजनीश कुमार ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा आज के दौर में भी विश्व शांति की कुंजी हैं।सत्र के दौरान प्रतिभागियों को भागीदारी प्रमाण पत्र तथा प्रशंसा पत्र प्रदान किए। सामान्य सचिव राम मोहन राय ने सभी को मार्गदर्शन दिया।





