सिकल सेल पीड़ित बच्ची के लिए आगे आए रक्तदाता।
ओ नेगेटिव रक्त देकर बच्ची की जान बचाने में समाजसेवियों ने निभाई भूमिका।

बैतूल। जिला अस्पताल में सिकल सेल से पीड़ित एक बच्ची के लिए समाजसेवियों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। इस दौरान नरेंद्र पवार और विजय हरोड़े ने ओ नेगेटिव जैसे दुर्लभ रक्त समूह का रक्तदान कर बच्ची के उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा एवं रक्त कोष प्रभारी अंकिता सीते भी उपस्थित रहीं। उन्होंने रक्तदाताओं के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए अन्य लोगों से भी आगे आने की अपील की।
रक्त कोष प्रभारी अंकिता सीते ने बताया कि सिकल सेल से पीड़ित बच्चों को हर माह नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है, ऐसे में समाजसेवियों के सहयोग से ही इन बच्चों का जीवन सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और यह किसी के जीवन को बचाने का सबसे सरल माध्यम है। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।




