दर्दनाक हादसा : ट्रैक्टर ने बाइक को ठोंका, दो युवकों की मौके पर हुई मौत

Big Accident: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में ताप्ती मेले से घर लौट रहे दो युवकों की बाइक दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मुलताई-बोरदेही मार्ग पर बाइक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे दोनो युवकों को गंभीर चोट आई जिसके कारण उन्होंने दम तोड दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर में रहकर केटरिंग का काम करने वाले जिले के ग्राम बिरोली झिल्पा निवासी आकाश पिता अर्जुन डोंगरदिए उम्र 20 वर्ष और रूपेश पिता मोतीराम उम्र 26 वर्ष निवासी सोमगढ़ मुलताई सोमवार को बाइक से मुलताई में ताप्ती मेला घूमने आए थे। मेला घूमने के बाद वे अपने दोस्त को छोड़ने बरई गए थे। जहां से उसे छोड़कर वापस लौट रहे थे।
रास्ते में मुलताई की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसके चलते दोनों सड़क पर बाइक सहित गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों युवकों को अचेत अवस्था में मुलताई के अस्पताल लाया जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के द्वारा टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




